शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट
नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव को खत्म करने के लिए प्रस्तावित शांति वार्ता के दूसरे दौर को ईरान द्वारा रिजेक्ट कर दिए जाने और कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट का रुख नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी लगातार बढ़ती चली गई। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.97 प्रतिशत और निफ्टी 0.82 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से नेस्ले, टीएमपीवी, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 2.26 प्रतिशत से लेकर 0.96 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक और टीसीएस के शेयर 8.69 प्रतिशत से लेकर 1.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,708 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,366 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,342 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से चार शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 26 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 12 शेयर हरे निशान में और 38 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 253.99 अंक की कमजोरी के साथ 79,019.34 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के कुछ देर बाद ही बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण यह सूचकांक लगातार लुढ़कता चला गया। हालांकि खरीदारों ने बीच बीच में कई बार लिवाली का जोर बनाने की भी कोशिश की, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था, कि खरीदारों की कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 767.11 अंक फिसल कर 78,506.22 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 105.75 अंक टूट कर 24,470.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही चौतरफा बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे इस सूचकांक की गिरावट बढ़ती चली गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 200.55 अंक की कमजोरी के साथ 24,376.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 753.03 अंक यानी 0.96 प्रतिशत की मजबूती के साथ 79,273.33 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 211.75 अंक यानी 0.87 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,576.60 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

