home page

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में कोहराम, सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार गिरावट

 | 
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में कोहराम, सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार गिरावट


नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया संकट की वजह से दुनिया भर के शेयर बाजार में मचे कोहराम का असर आज घरेलू शेयर बाजार पर भी साफ-साफ नजर आ रहा है। भारतीय शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान जबरदस्त गिरावट का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बड़ी गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही पहले दो मिनट में ही लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी का रुख बनता हुआ नजर आया, लेकिन इसके तुरंत बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण ये दोनों सूचकांक बड़ी गिरावट के शिकार हो गए। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बना कर बाजार को सहारा देने की कोशिश करते रहे, लेकिन अभी तक के कारोबार में बिकवाली का दबाव इतना अधिक है कि शेयर बाजार को कोई राहत मिलती हुई नजर नहीं आ रही है। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 2.79 प्रतिशत और निफ्टी 2.77 प्रतिशत टूट कर कारोबार कर रहे थे।

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से सिर्फ कोल इंडिया का शेयर मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहा था। दूसरी ओर, इंटरग्लोब एवियशन, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, श्रीराम फाइनेंस, टीएमपीवी और जियो फाइनेंशियल के शेयर 7.53 प्रतिशत से लेकर 4.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,761 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 218 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,543 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल सभी 30 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से सिर्फ एक शेयर हरे निशान में और 49 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 1,862.15 अंक की कमजोरी के साथ 77,056.75 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से पहले दो मिनट में ही यह सूचकांक उछल कर 77,333.85 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से पहले 15 मिनट के कारोबार में ही सेंसेक्स टूट कर 76,424.55 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में मामूली सुधार होता हुआ नजर आया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 2,202.53 अंक की गिरावट के साथ 76,716.37 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 582.40 अंक लुढ़क कर 23,868.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवाली का सपोर्ट मिलने पर यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 90 अंक से अधिक उछल कर 23,959.70 अंक तक पहुंच गया, लेकिन इसके बाद चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई। इस बिकवाली की वजह से पहले 15 मिनट के कारोबार में ही निफ्टी 23,697.80 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में मामूली सुधार होता हुआ नजर आया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 676.45 अंक की कमजोरी के साथ 23,774 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 1,097 अंक यानी 1.37 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 78,918.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 315.45 अंक यानी 1.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,450.45 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक