home page

स्काईवेज एयर सर्विसेज का आईपीओ 24 अगस्त को खुलेगा, प्राइस बैंड 131-138 रुपये प्रति शेयर

 | 
स्काईवेज एयर सर्विसेज का आईपीओ 24 अगस्त को खुलेगा, प्राइस बैंड 131-138 रुपये प्रति शेयर


नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। स्काईवेज एयर सर्विसेज लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 24 अगस्त को खुलेगा। निवेशक इसमें निवेश के लिए निवेशक 27 अगस्त तक बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 131-138 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इसमें बड़े (एंकर) निवेशक 21 अगस्त को निवेश के लिए बोली लगा पाएंगे।

स्काईवेज एयर सर्विसेज लिमिटेड के अनुसार 10 रुपये अंकित मूल्य वाले इस इश्यू में निवेशक कम से कम 100 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 100 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं। इस कंपनी के शेयर 1 सितंबर, 2026 को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है। हवाई माल ढुलाई कंपनी स्काईवेज एयर सर्विसेज लिमिटेड का लक्ष्य इस आईपीओ के जरिए 583 करोड़ रुपये जुटाने का है। कंपनी ने बताया कि आईपीओ में 2.89 करोड़ नए शेयर और 1.33 करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।

कंपनी की सार्वजनिक घोषणा के मुताबिक मूल्य दायरे के निचले स्तर पर इस निर्गम का आकार 553 करोड़ रुपये और ऊपरी स्तर पर 583 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। नए शेयर के निर्गम से प्राप्त राशि का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, कंपनी की अतिरिक्त कार्यशील पूंजी संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने और कंपनी के सामान्य कामकाज के लिए किया जाएगा।

साल 1984 में बनी यह कंपनी भारत के एयर फ्रेट फॉरवर्डिंग और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में लंबे समय से काम कर रही है। वर्ल्ड एसीडी के मुताबिक यह कंपनी पिछले 4 कैलेंडर वर्षों (2025, 2024, 2023 और 2022) में एडब्ल्यूबी जनरेशन के मामले में लगातार नंबर 1 एयर फ्रेट फॉरवर्डर रही है। साथ ही यह कंपनी भारत से दुनिया भर में सबसे ज्यादा एयर कार्गो कंसाइनमेंट संभालती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर