home page

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पीएम इंटर्नशिप योजना के उम्मीदवारों से किया संवाद

 | 
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पीएम इंटर्नशिप योजना के उम्मीदवारों से किया संवाद


वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पीएम इंटर्नशिप योजना के उम्मीदवारों से किया संवाद


नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (पीएमआईएस) के उम्मीदवारों और लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने उम्मीदवारों को इस योजना की विशेषता के बारे में विस्तार से बताया।

वित्त मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा कि निर्मला सीतारमण ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के उम्मीदवारों और लाभार्थियों से बातचीत किया। वित्त मंत्री ने संवाद के दौरान कहा कि यह योजना उद्योग जगत की जरूरतों और युवाओं के कौशल के बीच के अंतर को पाटने के लिए बनाई गई है, जिससे युवाओं को कॉर्पोरेट कार्य व संस्कृति का व्यावहारिक अनुभव मिल सके।

सीतारमण ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि पीएमआईएस का मुख्य मकसद उद्योग की उम्मीदों और युवाओं द्वारा शिक्षा के ज़रिए हासिल किए गए स्किल्स के बीच के अंतर को कम करना है। वित्त मंत्री ने बताया कि एक तरफ उद्योग की अपेक्षाएं हैं, जबकि दूसरी तरफ छात्रों का कौशल है। सीतारमण बातचीत के दौरान बताया कि काम का व्यावहारिक अनुभव मिलने से इंटर्न काम की जगह पर उम्मीदों, संवाद करने के तौर-तरीके, शिष्टाचार, ज़िम्मेदारी और सफल होने के लिए ज़रूरी व्यावहारिक स्किल्स को समझते हैं।

उन्होंने बताया कि यह योजना इस अंतर को पाटने का प्रयास करती है, क्योंकि उम्मीदवार इंटर्नशिप करते हुए यह जान सकेंगे कि कंपनियों की क्या अपेक्षाएं हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से उम्मीदवार अपनी योग्यताओं के अलावा अतिरिक्त कौशल भी हासिल कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अंतिम वर्ष के स्नातक और स्नातकोत्तर छात्र भी इस योजना के पायलट चरण में भाग ले सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यह इंटर्नशिप आपको काम की दुनिया के लिए तैयार होने का मौका देती है और कुछ मामलों में, उसी कंपनी में आगे के मौकों के दरवाज़े भी खोलती है। सीतारमण ने कहा कि हमारी इंटर्नशिप का यही मूल उद्देश्य है और आप जैसे छात्रों के साथ इसे पूरा किया जा रहा है।

मंत्री उम्मीदवारों से बातचीत के दौरान कहा कि यह योजना उद्योग जगत के लोगों के साथ स्नातकों तथा आईटीआई पाठ्यक्रम पूरा करने वालों के साथ बातचीत के बाद तैयार की गई है। कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय के द्वारा लागू की गई प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत 18 से 25 वर्ष के आयु वर्ग के लोग पात्र हैं, उन्हें इंटर्नशिप करने के दौरान प्रति माह न्यूनतम 9 हजार रुपये की वित्तीय सहायता मिलती है। इस समय इस योजना के प्रायोगिक चरण का तीसरा दौर चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर