home page

सेल ने अगस्त में बनाया उत्पादन का नया रिकॉर्ड

 | 
सेल ने अगस्त में बनाया उत्पादन का नया रिकॉर्ड


सेल ने अगस्त में बनाया उत्पादन का नया रिकॉर्ड


नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने अगस्त में बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की है, जबकि उत्पादन के र्मोचे पर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। सेल ने हॉट मेटल, क्रूड स्टील और सेलेबल स्टील का अब तक का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन दर्ज किया है।

कंपनी ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर जारी बयान में बताया कि उसकी बिक्री अगस्त में सालाना आधार पर 13 फीसदी बढ़कर 1.87 मिलियन टन हो गई है। इस दौरान होट मेटल, क्रूड स्टील और बिकने योग्य स्टील का उत्पादन भी रिकॉर्ड स्तर पर रहा है।

सेल ने बताया कि अगस्त में कच्चे स्टील का उत्पादन सालाना आधार पर 8 फीसदी बढ़कर 1.68 मिलियन टन हो गया है, जो बीते वर्ष 1.55 मिलियन टन था। वहीं, होट मेटल का उत्पादन सालाना आधार पर 9 फीसदी बढ़कर 1.78 मिलियन टन हो गया है, जो इससे पिछले वर्ष 1.63 मिलियन टन था।

कंपनी के मुताबिक बिक्री योग्य स्टील का उत्पादन सालाना आधार पर एक फीसदी बढ़कर 1.69 मिलियन टन हो गया है, जो पहले 1.66 मिलियन टन था। सेल ने बताया कि अगस्त में उसकी कुल बिक्री 1.871 मिलियन टन रही है, जो पिछले साल समान अवधि में 1.654 मिलियन टन थी, यह बिक्री में सालाना आधार पर 13.11 फीसदी की वृद्धि को दर्शाता है।

सेल के मुताबिक अगस्त महीने कैश कलेक्शन में सालाना आधार पर 23 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई। कंपनी ने अगस्त महीने में कई वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट कैटेगरी में अबतक की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की, जिनमें कोल्ड रोल्ड, गैल्वेनाइज्ड और अलॉय स्टील शामिल हैं। अगस्त में भारतीय रेलवे को आपूर्ति सालाना आधार पर 5 फीसदी बढ़कर 1,23,000 टन हो गई। कंपनी ने बताया कि लॉन्ग रेल की सप्लाई 11 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 112,000 टन हो गई। वहीं, कंपनी ने 31 मार्च के स्तर से अपना कर्ज भी 8.7 अरब रुपये कम किया है।

कंपनी के मुताबिक अप्रैल-अगस्त के दौरान सेल की कुल बिक्री सालाना आधार पर 5.6 फीसदी बढ़कर 7.71 मिलियन टन हो गई है। सेल ने बताया कि बेहतर प्रोडक्ट मिक्स, मजबूत क्षेत्रीय पहुंच और घरेलू बाजार में मजबूत मांग की वजह से 5 महीने की इस अवधि में फिनिश्ड और प्रोसेस्ड स्टील की बिक्री अच्छी रही है।

सेल चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर ए.के. पांडा ने कहा, अगस्त और अप्रैल-अगस्त की अवधि में सेल का प्रदर्शन कंपनी की ऑपरेशनल क्षमता, कमर्शियल डिलीवरी और वित्तीय समझदारी के बीच बढ़ते तालमेल को दिखाता है।

पांडा ने कहा कि कंपनी के रिकॉर्ड उत्पादन, बिक्री की रफ्तार और वित्तीय प्रबंधन ने इसके आधार को भी मजबूत किया है। साथ ही, जैसे-जैसे विस्तार प्रोजेक्ट आगे बढ़ रहे हैं और मांग का आउटलुक सकारात्मक बना हुआ है, सेल विकास की गति बढ़ाने के लिए अच्छी स्थिति में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर