home page

सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज का आईपीओ 15 अक्टूबर को खुलेगा, मूल्य दायरा 327-344 रुपये प्रति शेयर

 | 
सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज का आईपीओ 15 अक्टूबर को खुलेगा, मूल्य दायरा 327-344 रुपये प्रति शेयर


नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात स्थित कार्डियोवैस्कुलर मेडिकल डिवाइस निर्माता सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 15 अक्टूबर को खुलेगा। इसमें निवेश के लिए निवेशक 19 अक्टूबर तक बोली लगा सकते हैं। इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 327-344 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

हृदय में लगाए जाने वाले ‘स्टेंट’ बनाने वाली कंपनी सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड का आईपीओ 15 अक्टूबर को खुलेगा और 19 अक्टूबर को बंद होगा। एंकर निवेशक 14 अक्टूबर को इसके लिए बोली लगा पाएंगे। कंपनी ने इसके लिए मूल्य दायरा (प्राइस बैंड) 327-344 रुपये प्रति शेयर तय किया है। यह आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है। इस इश्यू के तहत मौजूदा शेयरधारक 1.38 करोड़ तक शेयर बेचेंगे। कंपनी की योजना इस आईपीओ के जरिए 475 करोड़ रुपये जुटाने की है। इस आईपीओ में निवेशक न्यूनतम 43 इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं और उसके बाद 43 शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं।

कंपनी की ओर से जारी सार्वजनिक घोषणा के मुताबिक आईपीओ के बिक्री पेशकश पर आधारित होने के कारण इससे हासिल राशि कंपनी को नहीं मिलेगी। कंपनी का शेयर 23 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।

यह कंपनी 1999 में एक पार्टनरशिप फर्म के तौर पर बनी थी, जो बाद में 2001 में एक जॉइंट स्टॉक कंपनी के तौर पर इनकॉर्पोरेट किया गया। कंपनी एक क्लास III और क्लास सी/डी मेडिकल डिवाइस कंपनी है, जिसके पास वैस्कुलर और स्ट्रक्चरल हार्ट इंटरवेंशन में टेक्निकली एडवांस्ड मेडिकल डिवाइस का पोर्टफोलियो है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर