संजय मल्होत्रा बुधवार सुबह 10 बजे करेंगे एमपीसी के निर्णयों का ऐलान
नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की तीन दिवसीय समीक्षा बैठक दूसरे दिन मंगलवार को भी चल रही है। सोमवार से चल रही द्विमासिक एमपीसी समीक्षा बैठक के फैसलों के ‘निर्णय’ का ऐलान 5 अगस्त को आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा सुबह 10 बजे करेंगे।
आरबीआई के मुताबिक रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा का मौद्रिक नीति वक्तव्य 5 अगस्त को सुबह 10 बजे भारत मानक समय (आईएसटी) निर्धारित है। इसके बाद दोपहर 12 बजे मॉनेटरी पॉलिसी के बाद की प्रेस कांफ्रेंस होगी। आर्थिक मामलों के जानकारों का मानना है कि 6 सदस्यों वाली मौद्रिक नीति समिति जून की बैठक की तरह ही इस बार भी नीतिगत ब्याज दर रेपो रेट को 5.25 फीसदी पर बरकरार रखेगी।
एसबीआई रिसर्च के अनुसार आरबीआई के नीतिगत दरों को जस का तस रखने की संभावना ज्यादा है, क्योंकि अगले दो तिमाहियों में उपभोक्ता मूल्य मुद्रास्फीति (महंगाई) के 5 फीसदी से ऊपर रहने का अनुमान है, जबकि घरेलू आर्थिक गतिविधियों में मजबूती के संकेत दिख रहे हैं।
इस वित्त वर्ष 2026-27 में एमपीसी की कुल 6 बैठकें होनी हैं, ये एमपीसी की तीसरी बैठक है। पहली समीक्षा बैठक अप्रैल में हुई थी। आरबीआई ने वृद्धि दर को बढ़ावा देने के लिए पिछले साल नीतिगत ब्याज दर रेपो रेट में 1.25 फीसदी की कटौती की थी, जो फिलहाल 5.25 फीसदी पर बरकरार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

