शेयर बाजार की गिरावट और डॉलर इंडेक्स की मजबूती से टूटी भारतीय रुपये की तेजी
- डॉलर के मुकाबले 23 पैसे लुढ़क कर 92.91 पर बंद हुई भारतीय मुद्रा
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को आई भारी गिरावट और भारतीय रुपये की पिछले कुछ दिनों से लगातार जारी बढ़त पर ब्रेक लग गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में आज रुपया शुरुआती मजबूती को बरकरार नहीं रख सका और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 23 पैसे टूट कर 92.91 के स्तर पर बंद हुआ। वैश्विक बाजार में डॉलर इंडेक्स के मजबूत होने और घरेलू इक्विटी बाजार से पूंजी निकासी की आशंकाओं ने रुपये की धारणा पर सीधा दबाव बनाया। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई नरमी ने रुपये की बड़ी गिरावट पर कुछ अंकुश लगाने का काम भी किया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में आज भारतीय रुपये ने पिछले बंद स्तर 92.68 प्रति डॉलर के मुकाबले 21 पैसे की बढ़त के साथ 92.47 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की थी। शुरुआती सत्र में निर्यातकों की डॉलर बिकवाली के सहारे रुपया थोड़ा और मजबूत होकर 92.4325 के दिन के ऊपरी स्तर तक पहुंचा। घरेलू इक्विटी बाजार में चौतरफा बिकवाली शुरू होते ही डॉलर की निकासी शुरू हो गई, जिससे मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये पर दबाव बढ़ता चला गया। इसके साथ ही इंपोर्टर्स की ओर से डॉलर मांग बढ़ जाने से भी रुपया दबाव में आ गया।
लगातार बढ़ते दबाव के बीच रुपया दिन के ऊपरी स्तर से फिसल कर 93.0575 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक लुढ़क गया। पूरे दिन के उतार-चढ़ाव के बाद भारतीय रुपया पिछले बंद स्तर से 23 पैसे यानी 0.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 92.91 के स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्रों में रुपया जोरदार मजबूती के साथ 93 के स्तर के नीचे बंद होने में सफल रहा था।
वैश्विक बाजार में छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स आज 103.85 के स्तर पर खुलने के बाद दिन के दौरान 103.48 के निचले और 103.94 के ऊपरी स्तर तक गया। शाम के कारोबार में यह पिछले बंद स्तर 103.81 के मुकाबले 0.12 अंक यानी 0.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ 103.93 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं के मुकाबले भी आज भारतीय रुपये में कमजोरी का रुख बना रहा। ब्रिटिश पाउंड के मुकाबले रुपया आज पिछले बंद स्तर 121.4383 के मुकाबले 121.2420 पर मजबूत खुलने के बाद 121.1831 के उच्चतम और 122.1488 के निचले स्तर के बीच कारोबार करता दिखा। कारोबार की समाप्ति पर रुपया पाउंड के मुकाबले 40.51 पैसे यानी 0.33 प्रतिशत टूट कर 121.8434 के स्तर पर बंद हुआ।
इसी तरह यूरो के मुकाबले भी रुपये ने 101.6885 के पिछले बंद स्तर के मुकाबले 101.5771 पर मजबूत शुरुआत की थी और 101.5317 के ऊपरी स्तर तक गया। लेकिन बाद में बिकवाली हावी होने से यह 102.2454 के निचले स्तर तक फिसला और अंत में 28.09 पैसे यानी 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.9694 प्रति यूरो के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई मुद्राओं की बात करें, तो चीनी युआन के मुकाबले रुपया 13.8940 के पिछले बंद स्तर के मुकाबले 13.8880 पर खुलने के बाद 13.8510 से 13.9650 के दायरे में रहा और 4.54 पैसे यानी 0.33 प्रतिशत कमजोर होकर 13.9394 प्रति युआन के स्तर पर बंद हुआ। जापानी येन के मुकाबले रुपया 0.5833 के पिछले बंद स्तर के मुकाबले 0.5846 पर खुला और 0.5815 से 0.5848 के दायरे में कारोबार करने के बाद 0.06 पैसे यानी 0.10 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 0.5839 प्रति येन के स्तर पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा बाजार के जानकारों के अनुसार घरेलू शेयर बाजार में आज आई भारी बिकवाली के कारण रुपये ने अपनी सुबह की सारी बढ़त गंवा दी। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 1,483.72 अंक और निफ्टी 450.95 अंक टूट कर बंद हुआ, जिससे मुद्रा बाजार पर दबाव बना। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में फिर से आई मजबूती के कारण आगामी सत्रों में रुपये में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, जहां विदेशी निवेशकों का पूंजी प्रवाह और कच्चे तेल के भाव सबसे अहम पिवट प्वाइंट साबित होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

