home page

अगले दो दशकों में बिजली क्षेत्र में 200 लाख करोड़ रुपये निवेश का मौका : मनोहर लाल

 | 
अगले दो दशकों में बिजली क्षेत्र में 200 लाख करोड़ रुपये निवेश का मौका : मनोहर लाल




नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को कहा कि देश के ऊर्जा क्षेत्र में अगले दो दशकों में 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी हितधारकों को मिलकर काम करना होगा

नई दिल्ली में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के दो दिवसीय ऊर्जा मंत्रियों के सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमें निजी क्षेत्र के साथ मिलकर काम करना होगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हम इस लक्ष्य को पूरा कर सकें।

विद्युत मंत्रियों के दो दिवसीय सम्मेलन में 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के विद्युत मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और विद्युत नियामक भाग ले रहे हैं। सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय विद्युत एवं आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल कर रहे हैं। इससे पहले यह सम्मेलन वर्ष 2024 में आयोजित किया गया था।

मंत्रालय ने कहा कि यह सम्मेलन भारत के विद्युत क्षेत्र की प्रमुख नीतिगत प्राथमिकताओं और उनके कार्यान्वयन से जुड़ी चुनौतियों पर केंद्र और राज्यों के बीच विचार-विमर्श का मंच है। इसमें ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, विद्युत अवसंरचना और क्षेत्रीय सुधारों में तेजी लाने पर विशेष रूप से चर्चा की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर