खाद्य वस्तुओं के महंगा होने से खुदरा महंगाई दर सितंबर में बढ़कर 5.54 फीसदी पर
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। महंगाई के मोर्चे पर आम आदमी को झटका देने वाली खबर है। खाद्य वस्तुओं के महंगा होने की वजह से सितंबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 5.54 फीसदी पर पहुंच गई है। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित खुदरा महंगाई दर अगस्त में 4.83 फीसदी के स्तर पर थी।
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक यह लगातार चौथा महीना है, जब उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित खुदरा महंगाई दर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के चार फीसदी के मध्यम-अवधि लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है।
जनवरी में जारी नई सूचकांक श्रृंखला के तहत सितंबर की महंगाई दर अबतक के सबसे ऊंचे स्तर पर रही। इससे पहले जून माह में खुदरा महंगाई दर 4.38 फीसदी, जुलाई में 4.45 फीसदी और अगस्त में 4.83 फीसदी दर्ज की गई थी।
आंकड़ों के मुताबिक खाद्य वस्तुओं की महंगाई दर सितंबर में बढ़कर 7.74 फीसदी हो गई, जबकि पिछले महीने अगस्त में यह 5.97 फीसदी रही थी। वहीं, इसी अवधि के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महंगाई दर क्रमशः 6.08 फीसदी और 4.88 फीसदी रही है।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने महंगाई की चिंताओं के बीच नीतिगत दर रेपो रेट को पिछले सप्ताह 0.25 फीसदी से बढ़ाकर 5.50 फीसदी कर दिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

