home page

आरबीआई ने मोनिषा चक्रवर्ती को कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया

 | 
आरबीआई ने मोनिषा चक्रवर्ती को कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया


नई दिल्ली/मुंबई, 03 अगस्त (हि.स.)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने मोनिषा चक्रवर्ती को कार्यकारी निदेशक (ईडी) के पद पर नियुक्त किया है। वह विदेशी मुद्रा विनिमय और वित्तीय बाजार नियमन से जुड़े विभागों का दायित्व संभालेंगी।

आरबीआई ने सोमवार को जारी एक बयान में बताया कि केंद्रीय बैंक ने मोनिषा चक्रवर्ती को कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया है। कार्यकारी निदेशक के पद पर प्रोन्नत किए जाने के पहले मोनिषा चक्रवर्ती पर्यवेक्षण विभाग में मुख्य महाप्रबंधक का प्रभार संभाल रही थीं।

रिजर्व बैंक ने कहा, ‘‘केंद्रीय बैंक के साथ काम करने का मोनिषा चक्रवर्ती के पास तीन दशक से अधिक लंबा अनुभव है। उन्होंने पर्यवेक्षण, विदेशी मुद्रा विनिमय और सरकार एवं बैंक खाता क्षेत्रों में काम किया हुआ है।’’ वह आरबीआई के बही-खाता और लाभ-हानि खाता के प्रारूप की समीक्षा के लिए गठित तकनीकी समिति से भी जुड़ी रही हैं।

अर्थशास्त्र स्नातक और व्यवसाय अर्थशास्त्र में परास्नातक मोनिषा चक्रवर्ती बैंकिंग ओम्बड्समैन के तौर पर भी सेवा दे चुकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर