पंजाब एंड सिंध बैंक को दूसरी तिमाही में 412 करोड़ रुपये का मुनाफा
नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब एंड सिंध बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में बेहतर प्रदर्शन किया है। बैंक का शुद्ध मुनाफा करीब 40 फीसदी बढ़कर 412 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इस दौरान बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) 22 फीसदी बढ़कर 1,161 करोड़ रुपये हो गई, जो कोर बैंकिंग आय में अच्छी वृद्धि को दर्शाती है।
बैंक ने कहा कि इसी तरह परिचालन लाभ (ऑपरेटिंग प्रॉफिट) भी 22.3 फीसदी बढ़कर 617 करोड़ रुपये हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में यह 505 करोड़ रुपये था। साथ ही बैंक ने अपनी परिसंपत्ति की गुणवत्ता में सुधार जारी रखा है। सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां पिछली तिमाही के 2.21 फीसदी से घटकर 2.09 फीसदी रह गईं, जबकि शुद्ध गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां 0.65 फीसदी से बेहतर होकर 0.61 फीसदी पर आ गईं है।
पंजाब एंड सिंध बैंक का इस तिमाही में प्रोविजन्स 52 करोड़ रुपये रहे, जबकि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में यह 94 करोड़ रुपये और पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में करीब 148 करोड़ रुपये थे। इससे बैंक की लाभप्रदता में सुधार हुआ है। ये नतीजे दर्शाते हैं कि पंजाब एंड सिंध बैंक अपनी कोर आय को मजबूत करने, परिसंपत्ति की गुणवत्ता में सुधार लाने और निरंतर विकास को बनाए रखने पर लगातार ध्यान दे रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

