सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का कुल शुद्ध लाभ रिकॉर्ड 1.09 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचा
नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) का मुनाफा अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। इनकी लाभप्रदता चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में 17 फीसदी बढ़ी है। इसके साथ ही इनका कुल शुद्ध लाभ बढ़कर 1,09,540 करोड़ रुपये (1.09 लाख करोड़ रुपये) से अधिक हो गया है।
वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) ने शनिवार को एक्स पोस्ट में ये जानकारी दी। डीएफएस ने लिखा कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का कुल कारोबार सालाना आधार पर 15.5 फीसदी की वृद्धि के साथ 300 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है।
डीएफएस ने कहा, ''सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में अपना मजबूत वित्तीय प्रदर्शन जारी रखा। पीएसबी की लाभप्रदता अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है और कुल शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 16.9 फीसदी बढ़कर 1,09,540 करोड़ रुपये हो गया है।''
वित्तीय सेवा विभाग ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की फंसी हुई परिसंपत्तियां ऐतिहासिक निचले स्तर पर आ गई हैं। इस साल 30 सितंबर 2026 तक इनका सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) अनुपात घटकर 1.69 फीसदी और शुद्ध एनपीए अनुपात 0.33 फीसदी रह गया।
डीएफएस ने कहा, ''प्रणालीगत सुधार, बेहतर संचालन व्यवस्था और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए भारत सरकार की प्रतिबद्धता लाभप्रदता, कारोबार वृद्धि, परिसंपत्ति गुणवत्ता और पूंजीगत स्थिति में पीएसबी के बेहतर वित्तीय प्रदर्शन के रूप में दिखाई दे रही है।'' वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का वित्तीय प्रदर्शन मजबूत बना रहा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

