home page

गोयल ने भारत-अमेरिकी व्यापार समझौता टालने की खबरों को किया खारिज

 | 
गोयल ने भारत-अमेरिकी व्यापार समझौता टालने की खबरों को किया खारिज


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को उन ख़बरों को खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि भारत ने अमेरिका के साथ जल्द व्यापार समझौता करने से इनकार कर दिया है और अब वह बेहतर शर्तों का इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह खबर पूरी तरह से झूठी, बेबुनियाद और गुमराह करने वाली है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका की टीमें एक ऐसे व्यापार समझौता के लिए पूरी तरह से जुटी हुई हैं। उन्होंने बताया कि पिछले महीने यहां उनकी मुलाकात अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जेमिसन ग्रीर से हुई थी। दोनों पक्षों ने एक ऐसी डील के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है, जो संतुलित हो, व्यावसायिक तौर पर अहम हो और जिससे दोनों देशों में बिजनेस, किसानों, वर्कर्स और उपभोक्ताओं को ठोस फायदे मिलें।उन्होंने कहा कि जब अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर जून में दिल्ली आए थे, तो मेरी उनके साथ बहुत अच्छी बैठकें हुई थीं। हमारी टीमें इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह से जुटी हुई हैं।

भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) को लेकर दो दिवसीय महत्वपूर्ण मंत्रिस्तरीय वार्ता पिछले महीने नई दिल्ली में 24 जून को हुई थी। दोनों देश 24 जुलाई को समाप्त हो रहे अमेरिका के अस्थायी 10 फीसदी टैरिफ से पहले इस समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बातचीत के बाद जारी आधिकारिक बयान में किसी अंतिम नतीजे या समझौते का ऐलान नहीं किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर