अब एनएसई आईएक्स पर होगा सिर्फ आधे घंटे का ब्रेक, 23:30 घंटे होगी लगातार ट्रेडिंग
नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। गुजरात की गिफ्ट सिटी में स्थित एनएसई इंटरनेशनल एक्सचेंज (एनएसई आईएक्स) पर अब 24 घंटे में सिर्फ आधे घंटे का ही ब्रेक होना शुरू हो गया है। मतलब अब एनएसई आईएक्स में ट्रेडिंग टाइम को बढ़ाकर अब रोजाना 23 घंटे 30 मिनट कर दिया है। इसे ऐसे भी कहा जा सकता है कि अब ये एक्सचेंज सिर्फ टी-ब्रेक जितनी अवधि के लिए ही बंद होगा। यह नई व्यवस्था सोमवार से ही प्रभावी हो चुकी है।
एक्सचेंज की ओर से जारी किए गए बयान के अनुसार इस बड़े रणनीतिक फैसले के बाद हुए बदलाव के कारण अब इस अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय समयानुसार सुबह 3:15 बजे से ट्रेडिंग शुरू हो जाती है, जो अगले दिन तड़के 2:45 बजे तक लगातार चलती रहती है। यानी 24 घंटे में यह बाजार तकनीकी रख-रखाव के लिए सिर्फ आधे घंटे के संक्षिप्त ब्रेक को छोड़ कर हर वक्त खुला रहेगा। एक्सचेंज में और तिथि का बदलाव (डेट चेंज) भी ट्रेडिंग को रोके बिना ही होगा। मतलब रात बारह बजते ही खुद ही एक्सचेंज का डेट चेंज हो जाएगा।
एक्सचेंज के इस कदम का मुख्य उद्देश्य दुनिया भर के विभिन्न टाइम जोन, विशेषकर एशिया, यूरोप और अमेरिका के निवेशकों को एक ही मंच पर लगातार कारोबार करने की सुविधा देना है। इस विस्तारित समय के चलते अंतरराष्ट्रीय पार्टिसिपेंट्स को दुनिया भर के बाजारों में होने वाली किसी भी बड़ी हलचल या खबर पर तुरंत फैसला लेने और अपने वित्तीय जोखिमों को बेहतर ढंग से प्रबंधित करने की बड़ी आजादी मिलेगी। इसे एक्सचेंज की ग्लोबल रीच (वैश्विक पहुंच) को बढ़ाने और भारत को अंतरराष्ट्रीय वित्तीय मानचित्र पर और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इतने लंबे कारोबारी घंटों के बीच तकनीकी व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए एक्सचेंज ने अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है। इसके तहत ट्रेडिंग सत्र के दौरान सिस्टम का मेंटेनेंस मात्र 3 मिनट के भीतर पूरा कर लिया जाता है, जबकि दिन की समाप्ति पर होने वाले बड़े तकनीकी अपडेट्स को भी 15 मिनट से कम समय में निपटा लिया जाता है। इस बेहतरीन तकनीक के दम पर एनएसई आईएक्स ने वैश्विक स्तर पर लगातार 24 घंटे और हफ्ते के पांचों दिन कारोबार का एक नया अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क स्थापित कर दिया है।
इस महत्वपूर्ण बदलाव पर खुशी जताते हुए एनएसई आईएक्स के प्रबंध निदेशक और सीईओ वी. बालासुब्रमण्यम ने कहा है कि ट्रेडिंग का समय साढ़े तेईस घंटे करना गिफ्ट सिटी को दुनिया के लिए एक सुलभ और जुड़े हुए बाजार के रूप में स्थापित करने की दिशा में बेहद अहम पड़ाव है। इससे अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को कारोबार में अधिक लचीलापन मिलेगा और ग्लोबल मार्केट के साथ गिफ्ट सिटी का तालमेल और गहरा होगा।
साल 2017 में स्थापित हुआ यह इंटरनेशनल मल्टी-एसेट एक्सचेंज देश-विदेश के निवेशकों को सिंगल-स्टॉक, इंडेक्स, करेंसी डेरिवेटिव्स और ग्लोबल स्टॉक्स जैसे कई वित्तीय उत्पादों में ट्रेड करने की सुविधा देता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

