home page

केंद्र ने पेट्रोल ब्लेंडिंग के लिए अमेरिका से इथेनॉल आयात के दावों को किया खारिज

 | 
केंद्र ने पेट्रोल ब्लेंडिंग के लिए अमेरिका से इथेनॉल आयात के दावों को किया खारिज


-ईंधन मिश्रण के लिए इथेनॉल के आयात पर कोई छूट या प्रतिबद्धता नहीं

-ईंधन में मिलाने के लिए अमेरिका से इथेनॉल का कोई आयात नहीं: सरकार

नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। केंद्र सरकार ने गुरुवार को एक स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि अमेरिका से फ्यूल ब्लेंडिंग के लिए इथेनॉल के आयात को लेकर कोई रियायत या प्रतिबद्धता नहीं दी गई है। ये जानकारी आधारहीन एवं तथ्यात्मक रूप से गलत हैं।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने जारी एक बयान में कहा कि हाल ही में मीडिया में प्रसारित खबरें कि भारत ईंधन मिश्रण के लिए अमेरिका से बड़ी मात्रा में इथेनॉल का आयात कर रहा है और आगे भी आयात करने की योजना है। सरकार ने साफ किया है कि देश का फ्यूल ब्लेंडिंग प्रोग्राम और इथेनॉल की खरीद पूरी तरह घरेलू नीतिगत ज़रूरतों के आधार पर ही संचालित होती रहेगी।

मंत्रालय ने कहा कि घरेलू नीति के अनुसार पेट्रोल के साथ इथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम में ईंधन में मिश्रण करने के लिए उपयोग वाला इथेनॉल पूरी तरह से घरेलू उत्पादकों से प्राप्त होता है। ईंधन में मिश्रण के लिए अमेरिका से इथेनॉल का कोई आयात नहीं किया जाता है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि इसके अलावा भारत-अमेरिका व्यापार चर्चा में ईंधन मिश्रण के लिए अमेरिका से इथेनॉल के आयात पर कोई छूट या प्रतिबद्धता की बात नहीं है। इसलिए अमेरिका से बड़े पैमाने पर ईंधन इथेनॉल के आयात करने की अनुमति देने के लिए नीति बदलाव का सुझाव भ्रामक है। भारत का ईंधन मिश्रण कार्यक्रम और इथेनॉल की खरीद पूरी तरह से भारत की घरेलू नीतियों के आधार पर ही निर्धारित होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर