निसान ने 54 नए कस्टमर टच पॉइंट्स के साथ अपने नेटवर्क का किया विस्तार
नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स)। निसान मोटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एनएमआईपीएल) ने शुक्रवार को 2026 की पहली तिमाही में देशभर में 54 नए कस्टमर टच पॉइंट्स (शोरूम और सर्विस सेंटर) की शुरुआत कर अपने नेटवर्क विस्तार को नई गति दी है।
निसान मोटर इंडिया ने जारी एक बयान में बताया कि यह कंपनी के भारत में विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ये विस्तार निसान की प्रोडक्ट-आधारित विकास रणनीति का प्रमुख स्तंभ है, जिसके जरिए कंपनी देशभर में अपनी पहुंच और उपस्थिति को मजबूत बना रही है।
कंपनी ने कहा कि नए टचपॉइंट्स में 3S (सेल्स, सर्विस और स्पेयर पार्ट्स), 2S और 1S आउटलेट्स शामिल हैं, जिन्हें रणनीतिक रूप से विभिन्न शहरों में स्थापित किया गया, जिससे ग्राहकों को बेहतर और आसान पहुंच मिल सके। यह रिटेल फुटप्रिंट को मजबूत करने की रणनीति का अहम हिस्सा है। इस पहल का उद्देश्य देशभर में अपनी बिक्री और सेवा पहुंच को मजबूत करना है, जो ब्रांड की भारतीय बाजार में मजबूती का हिस्सा है।
निसान मोटर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ वत्स ने कहा, “2026 की पहली तिमाही में 54 नए कस्टमर टच पॉइंट्स की शुरुआत हमारे लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। नई निसान मैग्नाइट की सफलता हाल ही में लॉन्च हुई ऑल न्यू निसान ग्रेवाइट और जल्द आने वाले ऑल न्यू निसान टेक्टॉन तथा सी-एसयूवी 7-सीटर के साथ हम अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को और मजबूत बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे में नेटवर्क विस्तार हमारी रणनीति का अहम हिस्सा है, जो ग्राहकों तक बेहतर पहुंच, सुविधा और बेहतर ब्रांड अनुभव सुनिश्चित करता है। हम वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक कुल टचपॉइंट्स की संख्या 400 तक पहुंचाने के अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं।”
सौरभ वत्स ने कहा कि नए आउटलेट्स को निसान के वैश्विक रिटेल मानकों के अनुसार आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। साथ ही यहां प्रशिक्षित सेल्स और सर्विस प्रोफेशनल्स तैनात किए गए हैं, ताकि ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाला अनुभव मिल सके।
इन शहरों को किया गया कवरः निशान मोटर इंडिया के 54 नए कस्टमर टच पॉइंट्स में नई दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु, भोपाल, लुधियाना, पटना, भुवनेश्वर, पुणे, जयपुर, इंदौर, कटक, हमीरपुर, जामनगर, कुरुक्षेत्र, मंडी, मैसूर, पतनमथित्ता, पठानकोट, रतलाम, सांगली, बांकुरा, सतारा एवं तंजावुर शामिल है।
उल्लेखनीय है कि निशान मोटर ने यह विस्तार ऐसे समय में किया, जब निसान भारतीय बाजार में अपनी स्थिति को और मजबूत कर रही है। मार्च 2026 में कंपनी ने कुल 10,388 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है, जिसमें घरेलू होलसेल बिक्री 4,408 यूनिट्स रही, जो पिछले पांच वर्षों में किसी एक महीने की सबसे अधिक बिक्री है। इसमें मासिक आधार पर 98 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा 5,980 यूनिट्स का निर्यात भी किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

