वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण फ्रांस के चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रवाना
नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स)। केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण बुधवार को फ्रांस की चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रवाना हो गईं। इस दौरान कई उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगी, जिनका मकसद भारत और फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना, आर्थिक सहयोग बढ़ाना और निवेश, टेक्नोलॉजी सहयोग एवं इनोवेशन को बढ़ावा देना है।
केंद्रीय वित्त मंत्री की इस आधिकारिक यात्रा के दौरान एक अहम कार्यक्रम 'भारत-फ्रांस आर्थिक और वित्तीय संवाद' (ईएफडी) होगा। इसकी सह-अध्यक्षता सीतारमण और फ्रांस के अर्थव्यवस्था, वित्त और औद्योगिक एवं ऊर्जा संप्रभुता मंत्री रोलैंड लेस्क्योर, ऐक्स-एन-प्रोवेंस में करेंगे। ईएफडी के तहत दोनों देश अलग-अलग क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के संभावित मौकों पर चर्चा करेंगे और भारत-फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेंगे। केंद्रीय वित्त मंत्री चुनिंदा ग्लोबल सीईओ के साथ आमने-सामने की बैठकें करेंगी। साथ ही वे प्रमुख बिजनेस एग्जीक्यूटिव्स के साथ एक राउंडटेबल चर्चा में भी हिस्सा लेंगी, ताकि भारत के मज़बूत मैक्रो-इकोनॉमिक आधार, चल रहे स्ट्रक्चरल सुधारों, निवेश के बढ़ते मौकों और लंबी अवधि में विकास की संभावनाओं को दिखाया जा सके।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 'लेस रेन्कॉन्ट्रेस इकोनॉमिक्स डी'एक्स-एन-प्रोवेंस' में नए मध्यम वर्ग के विकास को कैसे बढ़ावा दें विषय पर एक पैनल चर्चा में हिस्सा लेंगी। यह यूरोप के प्रमुख सालाना मंचों में से एक है, जहां वैश्विक आर्थिक और सार्वजनिक नीति के मुद्दों पर बातचीत होती है। 'ले सर्कल डेस इकोनॉमिस्ट्स' द्वारा आयोजित इस मंच पर दुनियाभर से सरकार के प्रमुख, मंत्री, केंद्रीय बैंकर, कारोबारी नेता, अर्थशास्त्री, शिक्षाविद और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि इकट्ठा होते हैं, ताकि मौजूदा आर्थिक चुनौतियों पर चर्चा कर सकें।
केंद्रीय वित्त मंत्री कैडाराश में इंटरनेशनल थर्मोन्यूक्लियर एक्सपेरिमेंटल रिएक्टर (आईटीईआर) परियोजना का दौरा करेंगी। आईटीईआर न्यूक्लियर फ्यूजन एनर्जी पर दुनिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोगों में से एक है, जिसमें भारत और फ्रांस समेत 30 से ज्यादा पार्टनर देश शामिल हैं। वह 'कैंपस साइबर' का भी दौरा करेंगी, जो फ्रांस का नेशनल हब है और साइबर सिक्योरिटी इनोवेशन, रिसर्च, स्किल डेवलपमेंट और सरकार, इंडस्ट्री एवं एकेडेमिया के बीच सहयोग के लिए समर्पित है। इस दौरे से साइबर रेजिलिएंस को मजबूत करने और डिजिटल इकॉनमी में इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए अनुभवों और बेस्ट प्रैक्टिस के आदान-प्रदान में मदद मिलने की उम्मीद है।
वित्त मंत्री सीतारमण प्रोवेंस-आल्प्स-कोटे डी'अजूर (पीएसीए) क्षेत्र के प्रेसिडेंट रेनॉड म्यूसेलियर से भी मिलेंगी और आपसी हित के क्षेत्रों जैसे इन्वेस्टमेंट, इनोवेशन, क्लीन एनर्जी, टेक्नोलॉजी और क्षेत्रीय आर्थिक पार्टनरशिप में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करेंगी। इसके अलाव निर्मला सीतारमण भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ एक कम्युनिटी इवेंट के साथ अपनी आधिकारिक यात्रा का समापन करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

