home page

वटराना रेंटल्स का आईपीओ लॉन्च, पहले घंटे में ही हुआ फुली सब्सक्राइब

 | 
वटराना रेंटल्स का आईपीओ लॉन्च, पहले घंटे में ही हुआ फुली सब्सक्राइब


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। मटेरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट रेंटल्स सेक्टर की कंपनी वटराना रेंटल्स लिमिटेड का 120.10 करोड़ रुपये का आईपीओ आज सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च कर दिया गया। कंपनी के इस आईपीओ में निवेशक 23 नवंबर तक बोली लगा सकते हैं। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 25 नवंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा, जबकि 26 नवंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इसी दिन जिन निवेशकों को शेयर का अलॉटमेंट नहीं हुआ होगा, उनके लिए रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कंपनी के शेयर 27 नवंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। लॉन्चिंग के बाद पहले घंटे में ही यह आईपीओ फुली सब्सक्राइब हो गया। पहले दिन दोपहर 12 बजे तक इस आईपीओ को 1.15 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका था।

इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 232 रुपये से लेकर 245 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 600 शेयर का है। रिटेल इंवेस्टर्स इस इश्यू में कम से कम 2 लॉट यानी 1,200 शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं, जिसके लिए उन्हें 2,94,000 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 49,02,000 नए शेयर जारी किए जा रहे हैं। इसमें ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए प्रमोटर्स द्वारा कोई बिकवाली नहीं की जा रही है। इस आईपीओ में नए शेयरों की बिक्री से जुटाई गई रकम में से 98.13 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी मटेरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट, एरियल वर्क प्लेटफॉर्म और बैटरी की खरीद के लिए करेगी। इसके बाद बची शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए उपयोग की जाएगी।

इस आईपीओ के कुल साइज में से 2,52,000 शेयर मार्केट मेकर बासन इक्विटी ब्रोकिंग लिमिटेड के लिए रिजर्व रखे गए हैं। शेष 46,50,000 शेयरों के नेट ऑफर में से क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए 49.94 प्रतिशत यानी 23,22,000 शेयर सुरक्षित रखे गए हैं, जिसमें एंकर निवेशकों के 13,86,000 शेयर शामिल हैं। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 35.05 प्रतिशत यानी 16,29,600 शेयर और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए 15.02 प्रतिशत यानी 6,98,400 शेयर रिजर्व किए गए हैं। इस पूरे इश्यू के लिए वनव्यू कॉर्पोरेट एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि मां शीतला सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।

वटराना रेंटल्स ने अपना आईपीओ खुलने से एक दिन पहले यानी बुधवार, 18 नवंबर को एंकर इन्वेस्टर्स से 33.96 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी द्वारा शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी ने एंकर इन्वेस्टर्स को 245 रुपये प्रति शेयर की दर से कुल 13,86,000 इक्विटी शेयर जारी किए हैं। इस अलॉटमेंट में सबसे बड़ी हिस्सेदारी ओल्ड ब्रिज फ्लेक्सी कैप फंड को मिली है, जिसे 10.01 करोड़ रुपये के 4,08,600 शेयर दिए गए हैं। इसके अलावा मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी को भी 8.03 करोड़ रुपये के 3,27,600 शेयर आवंटित हुए हैं।

एंकर इन्वेस्टर्स की इस सूची में कई बड़े देशी और विदेशी संस्थानों के नाम शामिल हैं। इनमें सेजवन स्मॉल एंड माइक्रो अपॉर्चुनिटी फंड को 6.81 करोड़ रुपये और बीटीएच क्लासिक ग्रोथ फंड को तीन करोड़ रुपये के शेयर मिले हैं। इनके साथ ही आर्थ एआईएफ ग्रोथ फंड ने 2.06 करोड़ रुपये और 238 प्लान एसोसिएट्स एलएलसी ने दो करोड़ रुपये का निवेश किया है। स्टेपट्रेड रेवोल्यूशन फंड और एकम्या प्रगति स्कीम- 1 को भी 1.03-1.03 करोड़ रुपये के शेयर मिले हैं। आंकड़ों के अनुसार, कुल एंकर अलॉटमेंट में से 70.48 प्रतिशत हिस्सा यानी 23.93 करोड़ रुपये के शेयर अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड को दिए गए हैं, जबकि शेष 29.52 प्रतिशत यानी 10.03 करोड़ रुपये के शेयर विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के हिस्से में आए हैं।

वटराना रेंटल्स लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कंपनी द्वारा सेबी के पास जमा किए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी की वित्तीय सेहत में पिछले वित्त वर्षों के दौरान शानदार सुधार हुआ है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 18.05 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 24.43 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में 19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 29.16 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी को 7.68 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका था।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी लगातार भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 130.23 करोड़ रुपये का कुल राजस्व (टोटल इनकम) प्राप्त हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 179.66 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में 18 प्रतिशत की शानदार बढ़त के साथ 211.69 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी को 53.62 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हो चुका था।

इस अवधि में कंपनी के विस्तार के साथ उस पर लदे कर्ज के बोझ में भी बढ़ोतरी हुई है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर कुल 93.12 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 110.54 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में और बढ़ कर 164.08 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी का कुल कर्ज 164.72 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

कंपनी की कुल संपत्ति (टोटल एसेट्स) में भी इस दौरान मजबूती बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी की कुल संपत्ति 147.69 करोड़ रुपये के स्तर पर थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 201.82 करोड़ रुपये हो गई और वित्त वर्ष 2025-26 में और बढ़त के साथ 287.07 करोड़ रुपये हो गई। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति 301.71 करोड़ रुपये दर्ज की गई।

रिजर्व और सरप्लस की बात करें तो कंपनी ने इस मोर्चे पर भी लगातार मजबूती हासिल की है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 31.95 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 46.38 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में बढ़ कर 75.54 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक यह और बढ़ कर 83.23 करोड़ रुपये हो चुका था।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी लगातार बड़ा इजाफा दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का नेटवर्थ 31.96 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 56.39 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़ कर 85.55 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी का नेटवर्थ 93.24 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

इसी तरह कंपनी का ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2023-24 में 37.98 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 51.77 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2025-26 में और बढ़ कर 65.01 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 18.13 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

वर्ष 2019 में स्थापित वटराना रेंटल्स लिमिटेड मुख्य रूप से मटेरियल और कार्गो हैंडलिंग इक्विपमेंट के रेंटल सॉल्यूशंस और ट्रेडिंग का काम करती है। कंपनी के बेड़े में बैटरी, डीजल और गैस से चलने वाले फोर्कलिफ्ट्स, इलेक्ट्रिक स्टैकर्स, पैलेट ट्रक्स और विशेष अटैचमेंट्स शामिल हैं। कंपनी के पास 2,646 मटेरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट यूनिट्स और 33 एरियल वर्क प्लेटफॉर्म यूनिट्स का बेड़ा है, जिनकी सेवाएं ऑटोमोटिव, टायर, बेवरेज, ग्लास, पेपर और लॉजिस्टिक्स जैसे प्रमुख उद्योगों को दी जाती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक