home page

इस सप्ताह 3 कंपनियों के आईपीओ की लॉन्चिंग, 3 कंपनियोें के शेयरों की लिस्टिंग भी होगी

 | 
इस सप्ताह 3 कंपनियों के आईपीओ की लॉन्चिंग, 3 कंपनियोें के शेयरों की लिस्टिंग भी होगी


नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। सोमवार यानी 23 नवंबर से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट सामान्य हलचल रहने वाली है। इस सप्ताह केवल तीन कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च करने जा रही हैं। इनमें से दो कंपनियों के आईपीओ मेनबोर्ड सेगमेंट के हैं, जबकि शेष एक आईपीओ एसएमई सेगमेंट का है। इसके अलावा पिछले सप्ताह 19 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले दो आईपीओ में भी इस सप्ताह सोमवार यानी 23 नवंबर तक बोली लगाई जा सकती है। इनमें एक आईपीओ मेनबोर्ड सेगमेंट का और दूसरा एसएमई सेगमेंट का है। जहां तक नई लिस्टिंग की बात है तो इस सप्ताह तीन कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं। इनमें दो कंपनियां मेनबोर्ड सेगमेंट की जबकि शेष एक कंपनी एसएमई सेगमेंट की है।

सप्ताह के तीसरे दिन 25 नवंबर को श्री सिद्धिविनायक ग्रीनटेक इंडस्ट्रीज का 93.66 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 27 नवंबर तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 130 रुपये प्रति शेयर से लेकर 142 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद दो दिसंबर को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसके अगले दिन 26 नवंबर को फूडलिंक एफएंडबी होल्डिंग्स का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। निवेशक इस इश्यू में 30 नवंबर तक बोली लगा सकते हैं। कंपनी की ओर से अभी इस आईपीओ के लिए प्राइस बैंड और लॉट साइज तय नहीं किया गया है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद तीन दिसंबर को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन 27 नवंबर को इंटीग्रिस मेडटेक का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में एक दिसंबर तक बोली लगाई जा सकेगी। इस आईपीओ का इश्यू साइज, प्राइस बैंड और लॉट साइज भी अभी अंतिम रूप से घोषित नहीं हुआ है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद चार दिसंबर को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इन नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह 19 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड के 8,981.12 करोड़ रुपये के आईपीओ में कल यानी 23 नवंबर तक बोली लगाई जा सकती है। कोल इंडिया की इस सब्सिडियरी कंपनी के आईपीओ में बोली लगाने के लिए 129 रुपये प्रति शेयर से लेकर 136 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 110 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 27 नवंबर को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसी तरह पिछले सप्ताह 19 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले वाटराना रेंटल्स के 120.10 करोड़ रुपये के आईपीओ में भी 23 नवंबर तक बोली लगाई जा सकती है। इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 232 रुपये प्रति शेयर से लेकर 245 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 600 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 27 नवंबर को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

जहां तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की बात है तो इस सप्ताह 26 नवंबर को क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन के शेयरों की बीएसई और एनएसई पर लिस्टिंग होने वाली है। इसके अगले दिन और सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 27 नवंबर को बीएसई और एनएसई पर महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड के शेयर लिस्ट होकर स्टॉक मार्केट में अपने कामकाज की शुरुआत करेंगे। इसी दिन एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर वाटराना रेंटल्स के शेयरों की भी लिस्टिंग होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक