home page

अगले सप्ताह होगी चार कंपनियों के आईपीओ की लॉन्चिंग, तीन कंपनियोें के शेयर होंगे लिस्ट

 | 
अगले सप्ताह होगी चार कंपनियों के आईपीओ की लॉन्चिंग, तीन कंपनियोें के शेयर होंगे लिस्ट


नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। सोमवार यानी 15 जून से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट में सामान्य हलचल रहने वाली है। इस सप्ताह चार कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च कर रही हैं। ये चारो आईपीओ एसएमई सेगमेंट के हैं। इसके अलावा पिछले सप्ताह सब्सक्रिप्शन के लिए खुले दो आईपीओ में भी 15 और 16 जून तक बोली लगाई जा सकती है। जहां तक नई लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह तीन कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं। ये सभी कंपनियां एसएमई सेगमेंट की हैं।

सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन 17 जून को क्ले क्राफ्ट का 110.11 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 19 जून तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 193 रुपये प्रति शेयर से लेकर 203 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 600 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 24 जून को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसी दिन दीक्षा पॉलिमर्स का 17.90 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 19 जून तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 112 रुपये प्रति शेयर का मूल्य तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 24 जून को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

लायोटेक इंडस्ट्रीज का 36.02 करोड़ रुपये का आईपीओ 17 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 19 जून तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 321 रुपये प्रति शेयर का मूल्य तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 400 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 24 जून को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसी दिन लीपफ्रॉग इंजीनियरिंग का 88.51 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 19 जून तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 21 रुपये प्रति शेयर से लेकर 23 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 6,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 24 जून को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इन नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह 11 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले सूसन इलेक्ट्रिकल्स के 70.38 करोड़ रुपये के आईपीओ में कल यानी 15 जून तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 120 रुपये से लेकर 127 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 18 जून को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। ये आईपीओ अभी तक 16.37 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।

इसी तरह पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 12 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले हॉरिजन रिक्लेम (इंडिया) के 54.27 करोड़ रुपये के आईपीओ में 16 जून तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 98 रुपये से लेकर 103 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 19 जून को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। ये आईपीओ अभी तक 8.396 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।

शेयर बाजार में इस सप्ताह 17 जून को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर उत्कल स्पेशिलिटी के शेयर लिस्ट हो सकते हैं। इसी तरह 18 जून को सूसन इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के शेयर बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर अपने कारोबार की शुरुआत कर सकते हैं। इसके अलावा 19 जून को हॉरिजन रिक्लेम (इंडिया) के शेयर बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक