home page

नेशनल हाउसिंग बैंक ने किफायती आवास वित्त प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए 'गृह सुगम पोर्टल' किया लॉन्च

 | 
नेशनल हाउसिंग बैंक ने किफायती आवास वित्त प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए 'गृह सुगम पोर्टल' किया लॉन्च


- एनएचबी ने रक्षा, अर्धसैनिक और सरकारी कर्मियों पर केंद्रित 'गृह सुगम पोर्टल' लॉन्च किया

नई दिल्ली, 26 मार्च (हि.स)। नेशनल हाउसिंग बैंक (एनएचबी) ने रक्षा, अर्धसैनिक और सरकारी कर्मचारियों के लिए 'गृह सुगम पोर्टल' लॉन्च किया है। एनएचबी ने एक किफ़ायती हाउसिंग फ़ाइनेंस सिस्टम को बढ़ावा देने के लिए इसको लॉन्च किया है।

वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि यह पोर्टल डिजिटल लेंडिंग को अपनाने और वित्तीय समावेशन को तेज करेगा। मंत्रालय ने कहा कि यह पोर्टल हाउसिंग लोन तक बेहतर पहुंच बनाकर, ज्यादा लोगों को घर का मालिक बनने में मदद करेगा, जिससे किफायती और टिकाऊ हाउसिंग फाइनेंस को बढ़ावा देने के मिशन को और मजबूती मिलेगी।

मंत्रालय ने कहा कि 'गृह सुगम पोर्टल' डिफेंस और सरकारी कर्मचारियों को उनकी पोस्टिंग की जगह से ही आसानी से होम लोन लेने की सुविधा देता है। यह ' पोर्टल' एक अभूतपूर्व डिजिटल पहल है, जिसका उद्देश्य होम लोन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना, पारदर्शिता बढ़ाना और इसे अधिक किफायती बनाना है। इसकी खासियत यह है कि ये पोर्टल विशेष रूप से सरकारी कर्मियों की आवास संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए डिजाइन किया गया है।

वित्त मंत्रालय के मुताबिक यह पोर्टल सरकारी संस्थाओं को पोर्टल की सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए पंजीकरण करने की सुविधा देता है। इस पोर्टल तक पहुंचने के लिए इस URL का उपयोग किया जा सकता है, जो https://gruhsugam.nhbonline.org.in/ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर