home page

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं दूसरे दिन भी बाधित, कंपनी को साजिश की आशंका नहीं

 | 
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं दूसरे दिन भी बाधित, कंपनी को साजिश की आशंका नहीं


नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट वैश्विक सेवा में रुकावट दूसरे दिन 13 नवंबर को भी जारी रही। दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी को इस व्यवधान के पीछे किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि या साइबर हमले का कोई संकेत नहीं मिला है। सॉफ्टवेयर कंपनी की सेवाओं से 74 देशों में लाखों व्यावसायिक और व्यक्तिगत उपयोगकर्ता प्रभावित हुए हैं।

कंपनी समस्या के कारणों का पता लगा रही है, फिलहाल उसे किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि की जानकारी नहीं है। कंपनी की आउटलुक और टीम्स समेत कई सेवाओं में लगातार दूसरे दिन भी व्यवधान बना रहा, जिससे भारत सहित दुनियाभर के उपयोगकर्ताओं को परेशानी हुई। माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक सेवा में यह व्यवधान भारतीय समयानुसार शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजकर 16 मिनट पर हुआ। माइक्रोसॉफ्ट 365 के व्यावसायिक और उद्यम ग्राहकों के साथ-साथ उपभोक्ता उत्पादों के लिए भी 'सेवा में गिरावट' लिखा दिखा।

कंपनी ने कहा कि वह अचानक बढ़े ‘ट्रैफिक’ के मूल कारण का पता लगाने और अपने बैकएंड सर्वर को फिर से चालू करने के लिए कई स्तरों पर काम कर रही है। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि फिलहाल हमें इस घटना के पीछे किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि की जानकारी नहीं है। समस्या दूर होने के बाद घटना की विस्तृत जानकारी मूल कारण से जुड़ी रिपोर्ट में साझा की जाएगी।

भारत में विमानन कंपनी इंडिगो ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक सेवा में व्यवधान के कारण उसकी ई-मेल सहायता सेवाएं प्रभावित हुई हैं और वह ग्राहकों के ई-मेल प्राप्त नहीं कर पाएगी। विमानन कंपनी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि सहायता के अन्य सभी माध्यम उपलब्ध हैं।

एअर इंडिया ने कहा कि उसकी ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं हुआ है और सभी संचालन सामान्य हैं।

भारत में उपयोगकर्ताओं ने गुरुवार रात करीब 11 बजे से समस्याओं की शिकायतें दर्ज करानी शुरू कर दी थीं। वेबसाइट पर व्यवधान की शिकायतों की संख्या रात के दौरान कम हुई, लेकिन शुक्रवार सुबह छह बजे के बाद इनमें फिर तेजी से बढ़ोतरी हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर