home page

पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती से जनता को बड़ी राहत, लॉजिस्टिक लागत पर लगेगा अंकुश: खंडेलवाल

 | 
पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती से जनता को बड़ी राहत, लॉजिस्टिक लागत पर लगेगा अंकुश: खंडेलवाल


नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने शुक्रवार को केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर विशेष उत्पाद शुल्क में की गई महत्वपूर्ण कटौती का स्वागत किया है। उन्होंने इसे वैश्विक संकट के समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का देश की जनता के हित में लिया गया एक अत्यंत सराहनीय कदम बताया है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के बीच प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी का यह निर्णय आम जनता को राहत देने तथा आर्थिक स्थिरता बनाए रखने की दिशा में एक ठोस और दूरदर्शी पहल है। खंडेलवाल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल पर विशेष उत्पाद शुल्क को 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल पर 10 रुपये से घटाकर शून्य किया जाना न केवल उपभोक्ताओं के लिए राहतकारी कदम है, बल्कि इससे परिवहन एवं लॉजिस्टिक क्षेत्र को भी बड़ी मजबूती मिलेगी।

खंडेलवाल ने कहा कि इस निर्णय का सबसे बड़ा सकारात्मक प्रभाव लॉजिस्टिक लागत पर पड़ेगा। इस कटौती से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में स्थिरता आने से परिवहन खर्च में वृद्धि पर अंकुश लगेगा, जिससे वस्तुओं की ढुलाई लागत नियंत्रित रहेगी और बाजार में कीमतों के अनावश्यक बढ़ने पर रोक लगेगी। इसका सीधा लाभ देश के करोड़ों उपभोक्ताओं को मिलेगा, क्योंकि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें संतुलित बनी रहेंगी। अंतरराष्ट्रीय संकट के इस दौर में सरकार के सामने यह चुनौती थी कि या तो खुदरा कीमतों में वृद्धि होने दी जाए या फिर स्वयं वित्तीय भार वहन किया जाए। खंडेलवाल ने कहा कि देश का व्यापारिक समुदाय इस निर्णय का पूर्ण समर्थन करता है और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि इस राहत का लाभ अंतिम उपभोक्ता तक पहुंचे तथा किसी भी प्रकार से आपूर्ति श्रृंखला बाधित न हो। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम देश के आम नागरिकों को बड़ी राहत प्रदान करेगा तथा अर्थव्यवस्था को स्थिर और सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर