home page

केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर वाहन विनिर्माताओं के साथ बैठक की

 | 
केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर वाहन विनिर्माताओं के साथ बैठक की


केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर वाहन विनिर्माताओं के साथ बैठक की


नई दिल्ली/बेंगलुरु, 04 जुलाई (हि.स)। केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने शनिवार को इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली प्रमुख कंपनियों के साथ बैठक की। बैठक में देश में स्वदेशी विनिर्माण को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा हुई।

भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में बताया कि केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली प्रमुख कंपनियों के साथ बैठक की और देश में ही मैन्युफैक्चरिंग को मज़बूत करने पर विस्तार से चर्चा की। चर्चा में देश में एक मजबूत, नवाचार आधारित और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी इलेक्ट्रिक वाहन परिवेश विकसित करने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस बैठक के दौरान वाहन विनिर्माताओं ने केंद्रीय मंत्री को स्वदेशी इलेक्ट्रिक वाहन मंच और तकनीकों को विकसित करने में हुई प्रगति के बारे में जानकारी दी। आधिकारिक बयान के मुताबिक ‘विनिर्माताओं ने स्वदेशी इंजीनियरिंग, उत्पाद विकास और घरेलू विनिर्माण क्षमताओं पर अपना ध्यान केंद्रित करने की बात कही। उन्होंने भारत को इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के लिए एक प्रमुख वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने का अपना दृष्टिकोण साझा किया।’

कुमारस्वामी के साथ बैठक में विनिर्माताओं ने ‘पीएम ई-ड्राइव योजना’ पर अपनी राय रखी और इसे विस्तार देने की मांग की। इस बैठक में एथर एनर्जी के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण मेहता, मैटर के संस्थापक एवं सीईओ मोहाल लालभाई, रिवर के सह-संस्थापक एवं सीईओ अरविंद मणि, यूलर मोटर्स के संस्थापक एवं सीईओ सौरव कुमार तथा रैप्टी.एचवी के सह-संस्थापक एवं सीईओ दिनेश अर्जुन सहित अन्य प्रतिभागी शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर