home page

जयंत चौधरी ने एमएसडीई कर्मचारियों के बच्चों के लिए डे-केयर सुविधा का शुभारंभ किया

 | 
जयंत चौधरी ने एमएसडीई कर्मचारियों के बच्चों के लिए डे-केयर सुविधा का शुभारंभ किया


नई दिल्ली, 06 जून (हि.स)। केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने कौशल भवन में एमएसडीई कर्मचारियों के बच्चों के लिए डे-केयर सुविधा का उद्घाटन किया।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में बताया कि अधिक समावेशी, करुणामय और जन-केंद्रित कार्य वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एमएसडीई कौशल भवन में कर्मचारियों के बच्चों के लिए एक नई शिशु सदन सुविधा का उद्घाटन किया गया है।

मंत्रालय के मुताबिक लगभग 600 वर्ग मीटर में फैला ये नया शिशु सदन बच्चों के लिए एक स्वागतपूर्ण, सुरक्षित और शैक्षिक वातावरण प्रदान करता है। यहां बच्चे सीख सकते हैं, खेल सकते हैं, आराम कर सकते हैं और विकसित हो सकते हैं। इस शिशु सदन में आरामदायक सोने और आराम करने के लिए स्थान, बच्चों के लिए आकर्षक खेल व गतिविधि क्षेत्र, उनकी उम्र के अनुसार सीखने के संसाधन हैं।

इसके साथ ही बच्चों के अनुकूल फर्नीचर, स्वच्छ शौचालय और शिशुओं और छोटे बच्चों के आराम और स्वास्थ्य के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए भोजन और डायपर बदलने के कमरे हैं। प्रशिक्षित देखभालकर्ताओं और सहायक कर्मचारियों द्वारा संचालित इस शिशु सदन को 6 महीने से छह साल तक के बच्चों की विकास और देखभाल संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए सोच-समझकर डिज़ाइन किया गया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर