home page

स्टॉक मार्केट में वेक्ट्रास एनप्रोकोन की सांकेतिक बढ़त के साथ लिस्टिंग, आईपीओ निवेशकों को मामूली मुनाफा

 | 
स्टॉक मार्केट में वेक्ट्रास एनप्रोकोन की सांकेतिक बढ़त के साथ लिस्टिंग, आईपीओ निवेशकों को मामूली मुनाफा


नई दिल्ली, 06 नवंबर (हि.स.)। ऑयल एंड गैस इंडस्ट्री के मिड और डाउन स्ट्रीम सेगमेंट में काम करने वाली प्रमुख ईपीसी कंपनी वेक्ट्रास एनप्रोकोन लिमिटेड के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट ने मामूली बढ़त के साथ एंट्री की। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 105 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी लिस्टिंग 0.95 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 106 रुपये के स्तर पर हुई।

लिस्टिंग के बाद हुई लिवाली के सपोर्ट से यह शेयर 107 रुपये के स्तर तक पहुंचा, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बनने पर इसकी चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच दोपहर 12:30 बजे तक कारोबार होने के बाद यह शेयर 106.05 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इस तरह अभी तक के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशक प्रति शेयर 1.05 रुपये यानी एक प्रतिशत के फायदे में थे।

कंपनी का 53.05 करोड़ रुपये का आईपीओ 30 अक्टूबर से तीन नवंबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से एवरेज रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 3.28 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 1.41 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 6.82 गुना सब्सक्रिप्शन आया था।

इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 4.43 गुना सब्सक्राइब हो सका था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 50.52 लाख शेयर जारी किए गए हैं। इसके तहत 42.59 करोड़ रुपये मूल्य के 40.56 लाख नए शेयर जारी किए गए हैं, जबकि प्रमोटर नयनेश कनुभाई पटेल और महेशकुमार गोपालभाई पटेल द्वारा 10.46 करोड़ रुपये मूल्य के 9.96 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए की गई है।

इस आईपीओ में नए शेयरों की बिक्री से जुटाई गई रकम में से 20 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी की वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। इसके अलावा 14 करोड़ रुपये का उपयोग कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया कर्जों के पूर्ण या आंशिक भुगतान के लिए किया जाएगा। शेष बची राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों पर खर्च होगी।

वेक्ट्रास एनप्रोकोन लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो सेबी के पास जमा किए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी की वित्तीय सेहत में पिछले वित्त वर्षों के दौरान लगातार मजबूती आई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 5.81 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 10.17 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 52 प्रतिशत की और दमदार बढ़त के साथ 15.43 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष के शुरुआती छह महीनों यानी 30 सितंबर 2026 तक ही कंपनी को 9.10 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका था।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 54.37 करोड़ रुपये का कुल राजस्व (टोटल इनकम) प्राप्त हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 80.53 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में 49 प्रतिशत की शानदार छलांग के साथ 119.90 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष के शुरुआती छह महीनों यानी 30 सितंबर तक कंपनी को 72.20 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हो चुका था।

कंपनी के विस्तार के साथ-साथ इस अवधि में कंपनी पर लदे कर्ज के बोझ में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का कुल कर्ज (टोटल बॉरोइंग) 4.16 करोड़ रुपये था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 11.87 करोड़ रुपये और पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में बढ़ कर 22.21 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष में 30 सितंबर तक कंपनी का कुल कर्ज 31.36 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।

कंपनी की कुल संपत्ति (टोटल एसेट्स) में इस दौरान लगातार बड़ी मजबूती देखी गई है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी की कुल संपत्ति 21.47 करोड़ रुपये के स्तर पर थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 46.50 करोड़ रुपये हो गई और वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में मजबूत होकर 74.94 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गई। मौजूदा वित्त वर्ष में 30 सितंबर तक कंपनी की कुल संपत्ति 90.91 करोड़ रुपये दर्ज की गई है।

रिजर्व और सरप्लस की बात करें, तो कंपनी ने इस मोर्चे पर भी लगातार मजबूती हासिल की है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 9.65 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 के अंत में बढ़ कर 19.82 करोड़ रुपये और अगले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में बढ़ कर 22.75 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष में 30 सितंबर तक यह और बढ़ कर 31.85 करोड़ रुपये हो चुका था।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी लगातार बड़ा इजाफा दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का नेटवर्थ 12.15 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 22.32 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2025-26 में उछल कर 37.75 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष में 30 सितंबर तक कंपनी का नेटवर्थ 46.85 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

इसी तरह कंपनी का ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2023-24 में 8.67 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 15.05 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2025-26 में छलांग लगा कर 24.01 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। मौजूदा वित्त वर्ष में 30 सितंबर तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 14.54 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।

गुजरात की यह कंपनी पाइपलाइन नेटवर्क बिछाने, कंबाइंड स्टेशन बनाने और ऑयल एंड गैस स्टेशन से जुड़े बुनियादी ढांचों के निर्माण का कार्य करती है। इसके प्रमुख ग्राहकों में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की दिग्गज ऑयल और गैस कंपनियां शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक