home page

स्टॉक मार्केट में सिल्वरस्टॉर्म पार्क्स की कमजोर शुरुआत, घाटे में आईपीओ निवेशक

 | 
स्टॉक मार्केट में सिल्वरस्टॉर्म पार्क्स की कमजोर शुरुआत, घाटे में आईपीओ निवेशक


नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.स.)। एम्यूजमेंट पार्क और रिजॉर्ट बुकिंग के साथ ही प्राइवेट और कॉरपोरेट इंवेट्स ऑर्गेनाइज करने का काम करने वाली कंपनी सिल्वरस्टॉर्म पार्क्स एंड रिजॉर्ट्स के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में मामूली गिरावट के साथ एंट्री करके अपने आईपीओ निवेशकों को निराश कर दिया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 133 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी लिस्टिंग 10 पैसे के डिस्काउंट के साथ 132.90 रुपये के स्तर पर हुई।

लिस्टिंग के बाद लिवाली के सपोर्ट से ये शेयर मामूली बढ़त के साथ इश्यू प्राइस 133 रुपये तक चढ़े, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण ये टूट कर 126.30 रुपये के लोअर सर्किट लेवल पर आ गए। हालांकि थोड़ी देर बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर लोअर सर्किट ब्रेक कर दिया। इसके बावजूद इस शेयर की स्थिति में ज्यादा सुधार नहीं हो सका। दोपहर 11:15 बजे तक का कारोबार होने के बाद सिल्वरस्टॉर्म के शेयर 126.50 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे। इस तरह अभी तक के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशकों को प्रति शेयर 6.50 रुपये यानी 4.89 प्रतिशत का नुकसान हो गया है।

इस कंपनी का 82.43 करोड़ रुपये का आईपीओ 24 से 28 जुलाई के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से एवरेज रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 1.69 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 1.54 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 2.92 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 1.39 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 61.98 लाख शेयर बेचे गए हैं। आईपीओ में शेयरों की बिक्री से जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी लखनऊ में एक नया स्नो पार्क और फैमिली एंटरटेनमेंट सेंटर बनाने, केरलम के अतिरापिल्ली में 1.2 किलोमीटर लंबे एरियल केबल कार प्रोजेक्ट के साथ अपनी सर्विस का विस्तार करने, नए एम्यूजमेंट राइड्स और वॉटर अट्रैक्शन जोड़ने, पुराने कर्ज के बोझ को कम करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।

सिल्वरस्टॉर्म पार्क्स एंड रिजॉर्ट्स की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) में किए गए दावे के मुताबिक इसकी आर्थिक सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 97 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 9.71 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ उछल कर 19.10 करोड़ रुपये हो गया।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में इसे 19.11 करोड़ का कुल राजस्व प्राप्त हुआ, जो वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 31.64 करोड़ और वित्त वर्ष 2025-26 में उछल कर 44.85 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इस अवधि में कंपनी पर लदे कर्ज के बोझ में भी लगातार वृद्धि हुई। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर 28.36 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 29.95 करोड़ रुपये और 2025-26 के अंत में जोरदाल उछाल के साथ 65.07 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

इस अवधि में कंपनी के रिजर्व और सरप्लस में भी बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में ये 63.93 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो 2024-25 में बढ़ कर 97.74 करोड़ रुपये हो गया। इसी तरह 2025-26 में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 116.91 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। कंपनी के नेटवर्थ की बात करें, तो इस मोर्चे पर भी सिल्वरस्टॉर्म पार्क्स एंड रिजॉर्ट्स लगातार बढ़त बनाए रखने में सफल रही। वित्त वर्ष 2023-24 में ये 23.26 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो 2024-25 में बढ़ कर 50.47 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह 2025-26 में कंपनी का नेटवर्थ उछल कर 72.84 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

इसी तरह ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) 2023-24 में 6.52 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो 2024-25 में बढ़ कर 16.56 करोड़ रुपये हो गया। इसी तरह 2025-26 में कंपनी का ईबीआईटीडीए 29.36 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक