home page

देश का निर्यात फरवरी में घटकर 36.61 अरब डॉलर, व्यापार घाटा 27.1 अरब डॉलर

 | 
देश का निर्यात फरवरी में घटकर 36.61 अरब डॉलर, व्यापार घाटा 27.1 अरब डॉलर


नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स)। देश का वस्तु निर्यात फरवरी में 0.81 फीसदी घटकर 36.61 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया है। इस दौरान आयात 24.11 फीसदी बढ़कर 63.71 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जबकि फरवरी, 2025 में यह 51.33 अरब डॉलर रहा था। इस दौरान व्यापार घाटा 27.1 अरब डॉलर रहा।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुताबिक पश्चिम एशिया संकट के बीच देश का वस्तु निर्यात फरवरी में 0.81 फीसदी घटकर 36.61 अरब अमेरिकी डॉलर रहा है। हालांकि, फरवरी में आयात 24.11 फीसदी बढ़कर 63.71 अरब यूएस डॉलर पर पहुंच गया, जबकि फरवरी, 2025 में यह 51.33 अरब डॉलर रहा था। इससे आयात और निर्यात का अंतर व्यापार घाटा फरवरी महीने में 27.1 अरब डॉलर रहा।

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश का निर्यात अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-फरवरी अवधि के दौरान देश का निर्यात 1.84 फीसदी बढ़कर 402.93 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। इसी अवधि में आयात भी 8.53 फीसदी बढ़कर 713.53 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है। अग्रवाल ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण उत्पन्न लॉजिस्टिक चुनौतियों की वजह से अगले महीने मार्च में निर्यात में गिरावट देखने को मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि यह संकट 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल की ईरान पर सैन्य कार्रवाई शुरू होने के बाद उत्पन्न हुआ है, जिससे होर्मुज समुद्री जलमार्ग सहित प्रमुख व्यापार मार्गों में व्यापक व्यवधान आया है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की प्रगति के बारे में बात करते हुए वाणिज्य सचिव ने कहा कि इस समझौते पर हस्ताक्षर नए शुल्क ढांचे को अंतिम रूप देने के बाद ही किए जाएंगे। अग्रवाल ने कहा कि हम इस समय अमेरिका के साथ होने वाले समझौते के विवरण पर बातचीत कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर