देश का निर्यात अक्टूबर में 29.9 फीसदी बढ़कर 89.99 अरब डॉलर पर पहुंचा
नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। अर्थव्यवस्था के र्मोचे पर अच्छी खबर आई है। देश का निर्यात अक्टूबर में करीब 30 फीसदी की शानदार बढ़त के साथ 89.99 अरब डॉलर तक पहुंच गया। पिछले साल इसी अवधि में यह 69.27 अरब डॉलर रहा था। व्यापार घाटा कम होकर 20.09 अरब डॉलर रह गया है, जबकि पिछले साल अक्टूबर में भारत का व्यापार घाटा 25.15 अरब डॉलर था। निर्यात में आई तेजी ने देश की व्यापारिक स्थिति को काफी मजबूत किया है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि अक्टूबर में आयात बढ़कर 110.07 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल इसी महीने में 94.42 अरब डॉलर रहा था। अप्रैल-अक्टूबर 2026-27 के दौरान रत्न और आभूषणों का निर्यात अप्रैल-अक्टूबर 2025-26 की तुलना में 40.06 फीसदी बढ़कर 3.21 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया है। मंत्रालय ने कहा कि अप्रैल–अक्टूबर 2025–26 की तुलना में अप्रैल–अक्टूबर 2026–27 के दौरान ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक रसायनों का निर्यात 36.20 फीसदी बढ़कर 2.89 बिलियन अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया है।
मंत्रालय ने बताया कि अप्रैल-अक्टूबर 2025-26 की तुलना में अप्रैल-अक्टूबर 2026-27 के दौरान इंजीनियरिंग सामानों का निर्यात 36.01 फीसदी बढ़कर 12.74 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। वित्त वर्ष 2026-27 के अप्रैल-अक्टूबर के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सामान का निर्यात बढ़कर 6.64 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले इसमें 62.70 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। इलेक्ट्रॉनिक सामान का बढ़ता निर्यात भारत के कुल वस्तु निर्यात को मजबूती दे रहा है।
भारत के वस्तुओं के निर्यात में 21.96 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। वित्त वर्ष 2026-27 के अप्रैल-अक्टूबर के दौरान वस्तुओं का निर्यात बढ़कर 309.06 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया। यह पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले 21.96 फीसदी की वृद्धि है। मंत्रालय ने कहा कि यह बढ़ोतरी भारत के वस्तुओं के निर्यात की मजबूती और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में इसके बढ़ते योगदान को भी दर्शाती है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के अप्रैल-अक्टूबर के दौरान भारत का कुल निर्यात (वस्तुओं और सेवाओं सहित) बढ़कर 568.84 अरब अमेरिकी डॉलर होने का अनुमान है। यह पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले 16.66 फीसदी की वृद्धि को दर्शाता है। ये बढ़ोतरी वैश्विक व्यापार में भारत की बढ़ती भागीदारी और वस्तुओं व सेवाओं के निर्यात में लगातार हो रही वृद्धि को दर्शाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

