home page

भारत-अमेरिका इस हफ्ते व्यापार समझौते को लेकर करेंगे मंत्रिस्तरीय बातचीत

 | 
भारत-अमेरिका इस हफ्ते व्यापार समझौते को लेकर करेंगे मंत्रिस्तरीय बातचीत


नई दिल्ली, 21 जून (हि.स)। भारत और अमेरिका इस हफ्ते द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण पर दो दिन की मंत्रिस्तरीय बातचीत करेंगे। इस बैठक में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर शामिल होंगे।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को मुंबई में योग दिवस के अवसर पर प्रेसवर्ता में संवाददाताओं से कहा, “व्यापार समझौते को लेकर मेरे समकक्ष कल दिल्ली आ रहे हैं।” ये बैठक इस महीने की शुरुआत (दो से चार जून) में राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में हुई मुख्य वार्ताकार स्तर की चर्चाओं के बाद होने जा रही है।

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने हाल ही में कहा था कि दोनों देश के मंत्रियों के बीच होने वाली बातचीत का उद्देश्य समझौते के ढांचे को अंतिम रूप देना होगा। इससे पहले गोयल ने पांच जून को कहा था कि भारत और अमेरिका सभी लंबित मुद्दों को सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और दोनों पक्ष अगले महीने के मध्य तक बीटीए के पहले चरण को अंतिम रूप देने की उम्मीद रखते हैं।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका द्वारा 24 फरवरी 2026 को सभी व्यापारिक साझेदारों पर लगे हुए 10 फीसदी अस्थायी शुल्क की अवधि 24 जुलाई को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद अमेरिका द्वारा आयातित वस्तुओं पर सर्वाधिक तरजीही देश (एमएफएन) शुल्क लागू होगा। अस्थायी शुल्क एमएफएन शुल्क के अतिरिक्त लगाया गया है। इसलिए 24 जुलाई से पहले अमेरिका को नया शुल्क ढांचा लागू करना होगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर