भारत विमानों को पट्टे पर देने में एक प्रमुख केंद्र बनने का इच्छुकः राममोहन नायडू
नई दिल्ली/गांधी नगर, 08 मई (हि.स)। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने शुक्रवार को कहा कि भारत गिफ्ट सिटी (गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी) के इकोसिस्टम का लाभ उठाते हुए विमान लीजिंग और फाइनेंसिंग के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में तेजी से अपनी जगह बना रहा है।
केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने गांधीनगर में 'इंडिया एयरक्राफ्ट लीजिंग एंड फाइनेंसिंग समिट 2.0' को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत विमानों को पट्टे पर देने वाले वैश्विक लीजिंग केंद्रों से प्रतिस्पर्धा करने के बजाय उनके पूरक के रूप में काम करते हुए मजबूत घरेलू परिवेश विकसित करने पर ध्यान दे रहा है।
नायडू ने गिफ्ट सिटी में आयोजित ‘इंडिया एयरक्राफ्ट लीजिंग एंड फाइनेंसिंग समिट 2.0’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का विमानन क्षेत्र तेज रफ्तार से बढ़ रहा है, यह न केवल देश बल्कि आसपास के क्षेत्र को भी सक्षम बना सकता है। मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत का लक्ष्य आयरलैंड, सिंगापुर और दुबई जैसे स्थापित केंद्रों के साथ सीधे तौर पर मुकाबला करने के बजाय, उनका पूरक बनना है।
उन्होंने कहा, ‘वैश्विक विमान पट्टा बाजार, खासकर भारत से जुड़े हिस्से का आकार इतना बड़ा है कि दुनिया की कई निजी कंपनियां इसका हिस्सा बन सकती हैं। वैश्विक स्तर पर बढ़ते परस्पर जुड़ाव के कारण विभिन्न क्षेत्रीय केंद्र विकसित हो सकते हैं। भारत भी इस क्षेत्र में एक मजबूत वैश्विक खिलाड़ी बनना चाहता है लेकिन इसके साथ हम मौजूदा अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का पूरक भी बनना चाहते हैं।’
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जारी एक बयान में कहा कि भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (आईएफएसए) और भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) के साथ मिलकर आज गिफ्टी सिटी, गांधीनगर, गुजरात में 'इंडिया एयरक्राफ्ट लीजिंग एंड फाइनेंसिंग समिट 2.0' के दूसरे संस्करण का सफलतापूर्वक आयोजन किया। केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने इस शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता की और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल इसके मुख्य अतिथि थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

