home page

दुनिया का सबसे भरोसेमंद निवेश गंतव्य बनकर उभर रहा भारत: पीयूष गोयल

 | 
दुनिया का सबसे भरोसेमंद निवेश गंतव्य बनकर उभर रहा भारत: पीयूष गोयल


नई दिल्ली, 04 जून (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत, दुनिया के सबसे भरोसेमंद निवेश स्थलों में से एक के रूप में उभरा है और आने वाले कई दशकों तक सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बने रहने के लिए तैयार है।

गोयल ने मुंबई में आयोजित सिटी इंडिया सम्मेलन 2026 को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने अपने संबोधन में उन विशाल निवेश अवसरों पर भी प्रकाश डाला, जो भारत दुनिया को प्रदान करता है। उन्होंने वैश्विक निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल बनाने के लिए किए जा रहे मोदी सरकार के प्रयासों का ज़िक्र किया।

उन्होंने भारत की आर्थिक मजबूती, बढ़ते मैन्युफैक्चरिंग बेस, इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और व्यापार समझौतों के बढ़ते नेटवर्क को निवेशकों के भरोसे के मुख्य आधार के तौर पर गिनाया। गोयल ने कहा कि कनाडा और अमेरिका में निवेशकों और बिजनेस लीडर्स के साथ उनकी हाल की बातचीत से भारत में दुनियाभर की गहरी दिलचस्पी का पता चलता है। कई लोग भारत को एक भरोसेमंद पार्टनर और मैन्युफैक्चरिंग के लिए विश्वसनीय वैकल्पिक केंद्र के तौर पर देखते हैं।

'उन्होंने भारत के दुनिया के सबसे भरोसेमंद निवेश गंतव्य के रूप में उभरने पर प्रकाश डाला और विनिर्माण, व्यापार करने में सुगमता, बुनियादी ढांचे, प्रौद्योगिकी को अपनाने तथा वैश्विक व्यापारिक जुड़ाव को मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की रूपरेखा प्रस्तुत की। टोरंटो और न्यूयॉर्क की अपनी यात्राओं के दौरान हुई चर्चाओं का जिक्र करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि भारत के लोकतांत्रिक ढांचे, कानून के शासन, तकनीकी क्षमताओं और बड़े उपभोक्ता बाज़ार के कारण दीर्घकालिक वैश्विक पूंजी का रुझान तेजी से भारत की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भारत-कनाडा मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को निवेशकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, जबकि दुनिया की प्रमुख निवेश फर्मों के साथ हुई बैठकों ने भारत की विकास संभावनाओं में विश्वास को और मजबूत किया।

वाणिज्य मंत्री ने कहा कि भारत ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में नौ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) किए हैं, जिनमें 38 विकसित अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं। इन समझौतों से बाज़ार तक पहुंच बढ़ाने, निवेश को आसान बनाने और प्रतिभाओं के आवागमन को बढ़ावा देने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि ओमान के साथ मुक्त व्यापार समझौता 01 जून से लागू हो गया है और संकेत दिया कि आने वाले महीनों में कई और व्यापार समझौते भी लागू होने की उम्मीद है।

गोयल ने कहा कि भारत प्रतिस्पर्धी रूप से डिज़ाइन और निर्मित उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों, वस्तुओं और सेवाओं के माध्यम से अपार क्षमता, संभावना और लाभप्रदता प्रदान करता है। उन्होंने दोहराया कि भारत वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बना हुआ है और विश्वास व्यक्त किया कि 1.4 अरब भारतीयों तथा अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के प्रयासों से समर्थित भारतीय अर्थव्यवस्था, 21वीं सदी की सबसे निर्णायक और महत्वपूर्ण विकास गाथा के रूप में उभरेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर