home page

भारत-कनाडा के बीच सीईपीए वार्ता का पांचवां दौर सोमवार से शुरू होगा

 | 
भारत-कनाडा के बीच सीईपीए वार्ता का पांचवां दौर सोमवार से शुरू होगा


नई दिल्ली, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भारत और कनाडा के के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) के लिए पांचवें दौर की वार्ता 5 अक्टूबर से ओटावा में शुरू होगी। दोनों देशों का लक्ष्य इस साल के अंत तक बातचीत पूरी करने का है। पांच दिन तक चलने वाली यह वार्ता नौ अक्टूबर को समाप्त हो सकती है। इस बातचीत का चौथा दौर 18 सितंबर को नई दिल्ली में संपन्न हुआ था।

सूत्रों ने कहा कि दोनों देश इस साल के अंत तक वार्ता पूरी करने के लक्ष्य के साथ बातचीत वार्ता में तेजी ला रहे हैं। यह वार्ता इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने पिछले महीने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस साल दिसंबर के आसपास कनाडा की यात्रा कर सकते हैं। भारत और कनाडा वार्ता को और गति देने के लिए कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू इस महीने के अंत में 300 सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली आएंगे। सिद्धू और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने पिछले महीने मुंबई में मुलाकात कर बातचीत की प्रगति की समीक्षा की थी।

क्या है प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता

भारत और कनाडा प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) एक तरह का मुक्त व्यापार समझौता है, जिसके तहत दोनों देश आपस में कारोबार होने वाली अधिकतम संख्या में वस्तुओं पर सीमा शुल्क को काफी कम या समाप्त करते हैं। इसके अलावा कुशल पेशेवरों के आवागमन के नियमों को आसान बनाने और निवेश आकर्षित करने के उपाय भी इसमें शामिल होते हैं।

मार्च, 2022 में दोनों देशों ने अंतरिम समझौते के लिए बातचीत फिर शुरू की। 2023 में दोनों देशों के संबंधों में तनाव बढ़ने के बाद कनाडा ने वार्ता फिर रोक दी। नवंबर, 2025 में दोनों देशों ने प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के लिए औपचारिक वार्ता फिर शुरू करने का फैसला किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर