home page

भारत-ब्राजील ने 2030 तक 30 अरब डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार का रखा लक्ष्य

 | 
भारत-ब्राजील ने 2030 तक 30 अरब डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार का रखा लक्ष्य


- भारत ने दवा उत्पाद के निर्यात बढ़ाने के लिए ब्राजील में अधिक विश्वसनीय नियामकीय व्यवस्था की मांग की

नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। भारत और ब्राजील ने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने के अपने संकल्प को दोहराया है। राजधानी ब्रासीलिया में हुई 8वीं भारत-ब्राजील व्यापार निगरानी तंत्र (टीएमएम) की बैठक में दोनों ही देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 30 अरब यूएस डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य भी तय किया है।

ब्राजील के ब्रासीलिया में आयोजित भारत-ब्राजील व्यापार निगरानी तंत्र की 8वीं बैठक में भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को रेखांकित करने वाले मजबूत संस्थागत ढांचे और रणनीतिक एवं आर्थिक संबंधों को सुदृढ़ करने के लिए दोनों पक्षों की साझा प्रतिबद्धता पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक की सह-अध्यक्षता वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल और ब्राजील की विदेश व्यापार सचिव तातियाना लैसर्दा प्राजेरेस ने की।

बैठक के दौरान भारत ने दवा उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए ब्राजील में अधिक विश्वसनीय नियामकीय व्यवस्था की मांग की है। दोनों पक्षों ने और अधिक विविध, संतुलित और निरंतर साझेदारी के माध्यम से विशेष रूप से फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, इंजीनियरिंग सामान और मशीनरी के क्षेत्र में 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 30 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।

इस दौरान वाणिज्य सचिव ने ब्राजील सरकार के विकास, उद्योग, वाणिज्य और सेवा मंत्री मार्सियो एलियास रोजा से भी मुलाकात की तथा द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को और सुदृढ़ करने तथा प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि भारत-मर्कोसुर तरजीही व्यापार समझौते के विस्तार और आधुनिकीकरण की काफी गुंजाइश है। वर्ष 2025 में भारत-मर्कोसुर द्विपक्षीय व्यापार 0.84 अरब डॉलर तक पहुंचने के साथ दोनों पक्ष कार्यक्षेत्र की शर्तों को जल्द अंतिम रूप देने पर सहमत हुए।

भारत और ब्राजील के बीच द्विपक्षीय व्यापार वित्त वर्ष 2025-26 में 15.07 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। इसे 2030 तक 30 अरब यूएस डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर