home page

हुंडई ने 2027 में क्रेटा और नई बेयोन मॉडल की सालाना 2.5 लाख कारें बेचने का लक्ष्य

 | 
हुंडई ने 2027 में क्रेटा और नई बेयोन मॉडल की सालाना 2.5 लाख कारें बेचने का लक्ष्य


हुंडई ने 2027 में क्रेटा और नई बेयोन मॉडल की सालाना 2.5 लाख कारें बेचने का लक्ष्य


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। दक्षिण कोरियाई वाहन निर्माता कंपनी हुंडई मोटर इंडिया (एचएमआईएल) ने मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में अपना दबदबा बनाए रखने के लिए अपनी लोकप्रिय क्रेटा और नई लॉन्च बेयोन एसयूवी कारों की सालाना 2.5 लाख से अधिक इकाइयां बेचने का लक्ष्य रखा है।

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने सोमवार को नई बेयोन की लॉन्चिंग के दौरान कहा कि हुंडई मोटर इंडिया का लक्ष्य 2027 में अपनी क्रेटा और नई बेयोन की कम से कम 2.50 लाख इकाइयां बेचने का है। तरुण गर्ग ने कहा कि इस बिक्री के साथ हम मध्यम आकार के एसयूवी खंड में अपना नेतृत्व स्पष्ट रूप से बनाए रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि 2.50 लाख इकाइयां कोई सीमा नहीं, बल्कि शुरुआती आधार है। हम आगे भी वृद्धि जारी रखेंगे।

गर्ग ने इसके साथ ही एक ही श्रेणी में कई मॉडल रखने के बारे में पूछे जाने पर इसकी एक वजह बाजार में डीजल मॉडल की सीमित आपूर्ति को बताया। उन्होंने कहा कि क्रेटा के डीजल संस्करण के लिए एक महीने से भी अधिक की प्रतीक्षा अवधि है। नई बेयोन में केवल पेट्रोल और सीएनजी पावरट्रेन विकल्प होंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी की डीजल या इलेक्ट्रिक संस्करण पेश करने की कोई योजना नहीं है। गर्ग ने कहा कि हम अपने बाजार अनुसंधान के आधार पर दृढ़ता से मानते हैं कि इस खंड में सबसे अधिक बिक्री पेट्रोल वाहनों की होगी।

कंपनी के मुताबिक हुंडई इंडिया लिमिटेड के पास पहले इस खंड में केवल क्रेटा थी। इसके मुकाबले मारुति सुजुकी के पास तीन मॉडल- ग्रैंड विटारा, विक्टोरिस तथा अर्टिगा हैं, जबकि टाटा मोटर्स के पास दो मॉडल कर्व तथा सिएरा हैं। कंपनी ने कहा कि नवाचार की राह पर एक रोमांचक पड़ाव आ गया है। पेश है हुंडई बेयोन, जहा प्रगति के प्रति जुनून और बेहतरीन इंजीनियरिंग का मेल होता है।

कंपनी ने कहा कि यह तकनीक, आराम, सुरक्षा और परफॉरमेंस का एक अनोखा संगम है। यह अब शोरूम में उपलब्ध है। नई बेयोन की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये है। हुंडई के उत्पाद खंड में इसे 4 मीटर से कम लंबाई वाली कॉम्पैक्ट एसयूवी वेन्यू और मध्यम आकार की एसयूवी क्रेटा के बीच रखा गया है। कंपनी इस खंड में दूसरा मॉडल जोड़कर अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहती है, जबकि हाल में क्रेटा की बिक्री पर दबाव आया है।

कंपनी के मुताबिक चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में क्रेटा की बिक्री सालाना आधार पर नौ फीसदी से अधिक घटकर 89,727 इकाई रह गई, जबकि उद्योग में इस खंड की बिक्री 50 फीसदी से अधिक बढ़ी।

उद्योग निकाय सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरर्स (सियाम) के आंकड़ों के अनुसार मध्यम आकार के यूटिलीटी वाहन खंड में एसयूवी और एमपीवी समेत 4-4.4 मीटर लंबाई वाले वाहनों की बिक्री गत वित्त वर्ष में करीब नौ लाख इकाई रही थी।

हुंडई मोटर्स ने पिछले दो वित्त वर्षों में इस खंड में केवल क्रेटा के दम पर सालाना करीब दो लाख इकाइयां बेचीं। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कुल घरेलू बिक्री में इस खंड की हिस्सेदारी करीब 35 फीसदी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर