एचडीएफसी बैंक के ऋण में चौथी तिमाही में 12 फीसदी की बढ़ोतरी
नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स)। देश एवं निजी क्षेत्र के दूसरे सबसे बड़े ऋणदाता एचडीएफसी बैंक लिमिटेड ने 31 मार्च, 2026 को समाप्त चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) के लिए अपने कारोबार का अपडेट जारी किया है एचडीएफसी बैंक के ऋण में मार्च तिमाही में 12 फीसदी की वृद्धि हुई है, यह 29.6 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को शेयर बाजार को बताया कि 31 मार्च, 2026 तक बैंक का कुल अग्रिम लगभग 29.60 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो 31 मार्च, 2025 के अंत तक उसका कुल अग्रिम 26.43 लाख करोड़ रुपये था। बैंक के मुताबिक इस दौरान उसका कुल जमा 14.4 फीसदी बढ़कर 31.05 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 27.14 लाख करोड़ रुपये था।
शेयर बाजार को प्रस्तुत एक नियामक फाइलिंग में निजी क्षेत्र के ऋणदाता बैंक ने बताया कि चालू और बचत खाते (कासा) में जमा 12.3 फीसदी बढ़कर 10.6 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 9.4 लाख करोड़ रुपये था। इसके अलावा बैंक का समयबद्ध जमा 31 मार्च, 2026 तक बढ़कर करीब 20.45 लाख करोड़ रुपये हो गए, जो 31 मार्च, 2025 को 17.7 लाख करोड़ रुपये थे, जिसमें करीब 15.5 फीसदी की वृद्धि हुई है।
उल्लेखनीय है कि निजी क्षेत्र एवं देश का दूसरा सबसे बड़ा ऋणदाता एचडीएफसी बैंक 18 अप्रैल, 2026 को चौथी तिमाही का नतीजा जारी करने वाला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

