home page

अन्नपूर्णा देवी और जयंत चौधरी ने हरिद्वार में ‘नव्या 2.0' का शुभारंभ किया

 | 
अन्नपूर्णा देवी और जयंत चौधरी ने हरिद्वार में ‘नव्या 2.0' का शुभारंभ किया


अन्नपूर्णा देवी और जयंत चौधरी ने हरिद्वार में ‘नव्या 2.0' का शुभारंभ किया


नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने संयुक्त रूप से हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत संस्थान से ‘नव्या 2.0’ की शुरुआत की।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में बताया कि ‘नव्या 2.0' के तहत 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कुल 100 जिलों को शामिल किया जाएगा। इसमें विशेष रूप से आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा। इसके अंतर्गत पात्रता आयु सीमा को 16–18 वर्ष से बढ़ाकर 16–25 वर्ष कर दिया गया है।

मंत्रालय ने कहा कि इसमें उद्योग की जरूरतों के अनुरूप, उभरते हुए और गैर-पारंपरिक क्षेत्रों में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे रोजगार, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता के अवसर खुलेंगे। जिला स्तर पर इसके कार्यान्वयन के लिए एक समान 'मानक संचालन प्रक्रिया' का पालन किया जाएगा। वहीं, 'स्किल इंडिया डिजिटल हब' उम्मीदवारों को नामांकन से लेकर प्रमाणन तक सहायता प्रदान करेगा और उनके प्रशिक्षण की प्रगति पर नजर रखेगा।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने कहा कि ‘नव्या 2.0' नए जमाने की और गैर-पारंपरिक नौकरियों के लिए प्रशिक्षण के दायरे को बढ़ाएगा। यह अपने प्रयोगिक चरण की सफलता को आगे बढ़ाएगा। प्रायोगिक चरण में किशोरियों को 'ड्रोन निर्माण और असेंबली तकनीशियन' तथा 'सोलर पीवी इंस्टॉलेशन हेल्पर' जैसी भूमिकाओं के लिए प्रशिक्षित किया गया था।

‘नव्या’ (युवा महिलाओं और किशोरियों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से उनकी आकांक्षाओं को पोषित करना) महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल है। उभरते क्षेत्रों के लिए युवतियों को कौशल प्रदान करके और उनके लिए रोजगार, अप्रेंटिसशिप तथा उद्यमिता के रास्ते खोलकर, यह पहल कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और 'विकसित भारत 2047' के लिए 'महिला-नेतृत्व वाले विकास' के विजन को आगे बढ़ाने का प्रयास करती है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर