home page

देश के प्रमुख बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर सुस्त पड़ी, अगस्त में 4.8 फीसदी पर

 | 
देश के प्रमुख बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर सुस्त पड़ी, अगस्त में 4.8 फीसदी पर


नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। अर्थव्यस्था के मोर्चे पर झटका लगने वाली खबर आई है। देश के नौ प्रमुख बुनियादी उद्योगों (कोर सेक्टर) की वृद्धि दर अगस्त में सुस्त पड़कर 4.8 फीसदी रह गई है, जो जुलाई में 5.0 फीसदी थी। आंकड़ों के अनुसार कोयला, प्राकृतिक गैस, कच्चे तेल और उर्वरक के उत्पादन में गिरावट की वजह से बुनियादी उद्योगों के उत्पादन की रफ्तार सुस्त पड़ी है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने सोमवार को जारी आंकड़ों में बताया कि बुनियादी उद्योगों के उत्पादन में पिछले साल अगस्त में 6.2 फीसदी और इस साल जुलाई में पांच फीसदी की वृद्धि हुई थी। ये आंकड़े संशोधित मापन श्रृंखला के तहत तीसरी बार जारी किए गए हैं, जो 2022-23 को आधार वर्ष के रूप में उपयोग करती है। इस नई श्रृंखला को जून में पेश किया था, जिसने पहले के 2011-12 आधार वर्ष की जगह ली। आंकड़ों के अनुसार चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल-अगस्त के दौरान इन प्रमुख बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर 4.3 फीसदी रही, जो बीते वित्त वर्ष 2025-26 की इसी अवधि में 2.4 फीसदी थी।

देश के नौ प्रमुख बुनियादी (कोर) उद्योग औद्योगिक अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। पहले 8 कोर उद्योग माने जाते थे, जो अब लौह अयस्क को शामिल किये जाने से नौ हो गए हैं। इनमें कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक, इस्पात, सीमेंट, विद्युत और लौह अयस्क है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर