home page

नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रिड आधुनिकीकरण भारत-अफ्रीका सहयोग की कुंजी: मनोहर लाल

 | 
नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रिड आधुनिकीकरण भारत-अफ्रीका सहयोग की कुंजी: मनोहर लाल




- इस शिखर सम्मेलन में भारत-अफ्रीका रणनीतिक साझेदारी बैठक का आयोजन किया गया

नई दिल्ली, 21 मार्च (हि.स)। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रिड आधुनिकीकरण, ऊर्जा भंडारण और संस्थागत क्षमता भारत-अफ्रीका सहयोग के प्रमुख स्तंभों के रूप में उभरे हैं।

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में आयोजित 'भारत बिजली शिखर सम्मेलन 2026' के दौरान 'भारत-अफ्रीका रणनीतिक साझेदारी बैठक' को संबोधित करते हुए यह बात कही। मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत और अफ्रीका, जो मिलकर दुनिया की लगभग एक-तिहाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ये समावेशी, न्यायसंगत और भविष्य के लिए तैयार विकास के साझा लक्ष्य रखते हैं।

'भारत बिजली शिखर सम्मेलन 2026' के तीसरे दिन 'भारत-अफ्रीका स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप मीट' में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बिजली आर्थिक विकास को गति देने, सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने और नए अवसर खोलने के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने 'वन सन, वन वर्ल्ड, वन ग्रिड' की अवधारणा को वैश्विक ऊर्जा कनेक्टिविटी के लिए एक बड़ा कदम बताया।

उन्होंने बताया कि नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रिड आधुनिकीकरण, ऊर्जा भंडारण और संस्थागत क्षमता निर्माण भारत-अफ्रीका सहयोग के प्रमुख क्षेत्र हैं। मनोहर लाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आर्थिक विकास को गति देने, गरिमा सुनिश्चित करने और अवसरों को खोलने के लिए बिजली महत्वपूर्ण है।

इस बैठक में यह भी तय हुआ कि भारत और अफ्रीका नवीकरणीय ऊर्जा विस्तार, जुड़े हुए ग्रिड सिस्टम, ऊर्जा स्टोरेज तकनीक और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे।

वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक ने कहा कि भारत-अफ्रीका साझेदारी को अब केवल विचार से आगे बढ़ाकर जमीन पर लागू करने की जरूरत है। उन्होंने सभी के लिए सस्ती और टिकाऊ ऊर्जा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में टिकाऊ विकास और बेहतर जल प्रबंधन को प्रगति का अहम आधार बताया।

इस मौके पर अफ्रीका 50 के सीईओ एलेन एबोबिन ने कहा कि अफ्रीका को मदद नहीं, बल्कि निवेश की जरूरत है, जिससे बेहतर परिणाम और विकास हासिल किया जा सके। उन्होंने बताया कि अफ्रीका अब निवेश योग्य परियोजनाओं, ट्रांसमिशन विस्तार और निजी निवेश बढ़ाने पर ध्यान दे रहा है।

विद्युत मंत्रालय ने जारी एक बयान में बताया कि भारत विद्युत शिखर सम्मेलन 2026 के तीसरे दिन नई दिल्ली में भारत-अफ्रीका रणनीतिक साझेदारी बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने की।

इस बैठक में विद्युत एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मलावी सरकार के ऊर्जा एवं खनन मंत्री डॉ. जीन मथांगा, अफ्रीका 50 के सीईओ एलेन एबोबिस, कई अफ्रीकी देशों के मंत्री, अफ्रीकी संघ और अफ्रीका 50 के नेता, राजदूत, उच्चायुक्त, विद्युत कंपनियों के प्रतिनिधि, वित्तीय संस्थान, विकास भागीदार और उद्योग जगत के नेता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर