home page

भारत-यूके सीईटीए के लागू होने से पहले 25-27 जून तक लंदन का दौरा करेंगे गोयल

 | 
भारत-यूके सीईटीए के लागू होने से पहले 25-27 जून तक लंदन का दौरा करेंगे गोयल


-भारत और ब्रिटेन इस सप्ताह लंदन में मुक्त व्यापार समझौते को लागू करने पर करेंगे चर्चा

नई दिल्ली, 24 जून (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 25-27 जून तक लंदन की आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। भारत और ब्रिटेन के वाणिज्य एवं व्यापार मंत्री इस हफ्ते लंदन में ‘व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (सीईटीए) को लागू करने से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे। इस समझौते को 15 जुलाई से लागू करने का प्रस्ताव है।

गोयल इस यात्रा के दौरान यूनाइटेड किंगडम सरकार के व्यापार एवं वाणिज्य राज्य सचिव माननीय पीटर काइल के साथ उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक करेंगे। यह मुलाकात समझौतों को क्रियान्वित करने और दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस यात्रा के तहत गोयल भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच वाणिज्यिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए उद्योग जगत के नेताओं, निवेशकों और कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों के साथ सरकार-से-व्यापार (जी2बी) स्तर की कई बैठकों में भाग लेंगे।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री इंडिया ग्लोबल फोरम (आईजीएफ) के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे, जहां वे पूंजी, नवाचार और यूके-इंडिया मोमेंट विषय पर बोलेंगे। सत्र में भारत-यूके सीईटीए के आगामी कार्यान्वयन के संदर्भ में वैश्विक व्यवसायों के लिए उभरते अवसरों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। गोयल रणनीतिक निवेश, औद्योगिक सहयोग और भारत में विनिर्माण साझेदारी के विस्तार पर चर्चा करने के लिए एचएसबीसी (ग्लोबल ट्रेड सॉल्यूशंस) और रोल्स-रॉयस सहित प्रमुख वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग से बातचीत भी करेंगे।

केंद्रीय मंत्री यूके-इंडिया बिजनेस काउंसिल (यूकेआईबीसी) के एक व्यावसायिक पूर्ण सत्र और संवादात्मक दोपहर के भोजन में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में टाटा, टीसीएस, एचएसबीसी, प्रूडेंशियल, डी बीयर्स और बेकर मैकेंजी सहित प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनियों के शीर्ष अधिकारी और प्रतिनिधि भारत-यूके आर्थिक साझेदारी के तहत व्यापार, निवेश और व्यावसायिक सहयोग के अवसरों पर चर्चा करने के लिए एकत्रित होंगे।

इसके अलावा संस्थागत निवेशकों और वैश्विक उद्योग जगत के नेताओं के साथ जुड़ाव को और मजबूत करने के लिए गोयल एशिया हाउस द्वारा आयोजित एक विशेष गोलमेज सम्मेलन का नेतृत्व करेंगे। साथ ही जेपी मॉर्गन, स्टैंडर्ड चार्टर्ड, लॉयड्स, मॉर्गन स्टेनली और अरूप सहित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय वित्तीय और औद्योगिक संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी भारत की औद्योगिक प्रतिस्पर्धा, निवेश परिदृश्य और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के साथ एकीकरण पर चर्चा में भाग लेंगे।

व्यापार और निवेश कार्यक्रम का समापन भारतीय उद्योग प्रतिनिधिमंडल के साथ एक विशेष संवाद के साथ होगा, साथ ही ब्रिटिश-भारतीय व्यापार समुदाय के प्रतिनिधियों और जीईडीयू जैसे वैश्विक शिक्षा समूहों के प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत होगी। गोयल के इस दौरे से भारत-यूके आर्थिक सहयोग के विस्तार और 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार में 120 अरब अमेरिकी डॉलर के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में साझा उद्देश्य में योगदान मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर