home page

कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड में ओएफएस के जरिये पांच फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी सरकार

 | 
कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड में ओएफएस के जरिये पांच फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी सरकार


नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स)। केंद्र सरकार कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) में मंगलवार से बिक्री पेशकश (ओएफएस) के जरिये 5 फीसदी तक अपनी हिस्सेदारी को बेचेगी। इसके लिए 1,400 रुपये प्रति शेयर का न्यूनतम मूल्य तय किया गया है।

वित्त मंत्रालय के निवेश एवं लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव अरुणीश चावला ने सोमवार को बताया कि सीएसएल में ओएफएस के जरिए 2.52 फीसदी शेयर बेचे जाएंगे, जबकि अधिक मांग आने की स्थिति में उतनी ही अतिरिक्त हिस्सेदारी ‘ग्रीन-शू’ विकल्प के तहत बेची जाएगी। ये ओएफएस 07 जुलाई को गैर-खुदरा निवेशकों के लिए खुलेगा, जबकि खुदरा निवेशक आठ जुलाई को इसके लिए बोली लगा सकेंगे।

कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के लिए बिक्री पेशकश का निर्धारित न्यूनतम मूल्य, बीएसई पर आज के बंद भाव के मुकाबले करीब सात फीसदी कम है। कंपनी का शेयर 1.25 फीसदी के नुकसान के साथ 1,504.75 रुपये पर बंद हुआ है। सरकार के पास वर्तमान में सीएसएल में 67.91 फीसदी हिस्सेदारी है।

उल्लेखनीय है कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 में सरकार ने अब तक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, कोल इंडिया, एनएचपीसी, एनएलसी इंडिया, जीआईसी और आईआरएफसी में ओएफएस के जरिये हिस्सेदारी बेचकर कुल 18,561 करोड़ रुपये जुटा चुकी है। वहीं, समूचे वित्त वर्ष के लिए केंद्र ने विनिवेश और परिसंपत्ति मौद्रीकरण के जरिये 80 हजार करोड़ रुपये जुटाने का बजट लक्ष्य रखा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर