home page

दुनिया में 14 घंटे की खराबी के बाद संभले माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर, जरूरी ई-मेल बचाने के लिए बढ़ा टाइमआउट पीरियड

 | 
दुनिया में 14 घंटे की खराबी के बाद संभले माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर, जरूरी ई-मेल बचाने के लिए बढ़ा टाइमआउट पीरियड


नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। दुनिया भर में पिछले करीब 14 घंटों से चल रही माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी खराबी में अब सुधार के शुरुआती संकेत मिलने लगे हैं। कई प्रयासों के बाद आखिरकार माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं। ताजा रिकवरी मेजर्स (सुधार उपायों) के कारण प्रभावित क्षेत्रों में कंपनी के सर्वर की स्थिरता और क्षमता में सकारात्मक सुधार देखा जा रहा है।

कंपनी ने इस महासंकट के दौरान यूजर्स के जरूरी संदेशों को सुरक्षित रखने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। माइक्रोसॉफ्ट ने ई-मेल टाइमआउट की समय सीमा को बढ़ा कर अब 48 घंटे कर दिया है। इस फैसले से तकनीकी खराबी के दौरान फंसे या देरी से जाने वाले ईमेल नष्ट नहीं होंगे, बल्कि कम से कम 48 घंटे तक सुरक्षित रहेंगे।

माइक्रोसॉफ्ट 365 स्टेटस की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि रिकवरी के प्रयास लगातार जारी हैं। कंपनी के अनुसार इस समस्या से जुड़ी विस्तृत जानकारी एडमिन सेंटर में इंसिडेंट नंबर एमओ1550821 के तहत उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा आम यूजर्स भी कंपनी के सर्विस स्टेटस पेज के माध्यम से ताजा स्थिति की निगरानी कर सकते हैं।

माइक्रोसॉफ्ट की शुरुआती जांच के अनुसार यह पूरी खराबी सर्वर हेल्थ-चेक प्रणाली के विफल होने के कारण पैदा हुई है। सर्वर की स्थिति से जुड़ी जानकारी को प्रोसेस करने वाले एक खास हिस्से में गड़बड़ी आने से प्रभावित सर्वर अनुपलब्ध हो गए थे। समस्या सामने आने के बाद इंजीनियरों की टीम ने शुरुआत में कॉन्फिगरेशन में बदलाव किए और प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट किया। कंपनी ने एक वैकल्पिक हेल्थ-चेक तरीका भी अपनाया, जिससे कुछ सर्वर दोबारा काम करने लगे थे। लेकिन जैसे ही इन सर्वरों पर इंटरनेट ट्रैफिक का दबाव बढ़ा, उन्होंने फिर से काम करना बंद कर दिया।

पहला प्रयास विफल रहने के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी रणनीति बदली और नए तकनीकी उपायों पर काम शुरू किया। इंजीनियरों ने नेटवर्क ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों पर मोड़ा और बुनियादी ढांचे के प्रभावित हिस्सों को अलग कर दिया। इसके साथ ही सर्वर पर लोड कम करने के लिए कुछ खास तरह के इनकमिंग ट्रैफिक को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित भी किया गया। इन नए और सख्त कदमों का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। जिन क्षेत्रों में ट्रैफिक ऑप्टिमाइजेशन के उपाय लागू किए गए हैं, वहां सेवाओं में आंशिक सुधार दर्ज किया गया है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस समस्या के पूरी तरह से खत्म होने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है और सुधार का काम युद्धस्तर पर जारी है।

शुक्रवार सुबह अचानक हुई इस तकनीकी खराबी ने पूरी दुनिया के कामकाज को बुरी तरह प्रभावित किया था। भारत से लेकर जापान, यूरोप और अमेरिका तक करोड़ों यूजर्स माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक, टीम्स और कोपायलट जैसी सेवाओं का उपयोग नहीं कर पा रहे थे। जापान में तो हालात इतने बिगड़ गए थे कि कई दफ्तरों को मजबूरन दशकों पुरानी फैक्स मशीनों का सहारा लेना पड़ा।

इस ग्लोबल आउटेज का असर विमानन और कॉर्पोरेट क्षेत्र पर भी साफ देखने को मिला। दिल्ली एयरपोर्ट समेत कई हवाई अड्डों पर एयरलाइंस के चेक-इन सिस्टम प्रभावित होने से उड़ानों में देरी हुई और कुछ उड़ानें रद्द भी करनी पड़ीं। इसके अलावा भारत के कई बैंकों और आईटी कंपनियों में भी कामकाज की रफ्तार धीमी पड़ गई थी, हालांकि एचडीएफसी बैंक जैसे प्रमुख संस्थानों ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया कि उनकी बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह सुरक्षित और चालू हैं।

दिलचस्प बात यह है कि एक तरफ जहां दुनिया भर के कर्मचारी ईमेल और मीटिंग्स ठप होने से परेशान थे, वहीं सोशल मीडिया पर इसे लेकर मजेदार प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलीं। कई लोगों ने इसे बिना मांगे मिली छुट्टी बताते हुए चुटकी ली कि माइक्रोसॉफ्ट ने अनजाने में वर्क-लाइफ बैलेंस का नया तरीका खोज लिया है।

फिलहाल दुनिया भर की कंपनियों और करोड़ों यूजर्स को माइक्रोसॉफ्ट की ओर से अंतिम और पूर्ण बहाली के संदेश का इंतजार है। ई-मेल टाइमआउट की अवधि को 48 घंटे तक बढ़ाए जाने से कॉर्पोरेट जगत को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि इससे किसी भी महत्वपूर्ण व्यावसायिक संवाद के खोने का डर काफी हद तक कम हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक