home page

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 9.9 अरब डॉलर बढ़कर 716.9 अरब डॉलर पर

 | 
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 9.9 अरब डॉलर बढ़कर 716.9 अरब डॉलर पर


नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार 8वें हफ्ते इजाफा दर्ज हुआ है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14 अगस्त को समाप्त हफ्ते में 9.905 अरब डॉलर बढ़कर 716.91 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14 अगस्त को समाप्त हफ्ते में बढ़कर 716.91 अरब डॉलर रहा है। इससे पिछले हफ्ते के दौरान में कुल विदेशी मुद्रा भंडार 14.14 अरब डॉलर बढ़कर 707.002 अरब डॉलर रहा था।

आंकड़ों के मुताबिक इस अवधि में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 7.22 अरब डॉलर बढ़कर 581.85 अरब डॉलर और स्वर्ण भंडार 2.68 अरब डॉलर बढ़कर 111.42 अरब डॉलर पर पहुंच गया। हालांकि, इस दौरान विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) पांच करोड़ डॉलर घटकर 18.74 अरब डॉलर रह गया है।

आंकड़ों के अनुसार 14 अगस्त को समाप्त हफ्ते के दौरान अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में देश का आरक्षित भंडार पांच करोड़ डॉलर बढ़कर 4.89 अरब डॉलर रहा।

गौरतलब है कि इस साल 27 फरवरी को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर