home page

वित्त मंत्री सीतारमण सोमवार को सार्वजनिक बैंकों के प्रमुखों के साथ करेंगी बैठक

 | 
वित्त मंत्री सीतारमण सोमवार को सार्वजनिक बैंकों के प्रमुखों के साथ करेंगी बैठक


नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सोमवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) के प्रमुखों के साथ बैठक करेंगी। बैठक में बैंकों की ओर से विदेशी मुद्रा जमा जुटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सोमवार, 13 जुलाई को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और आईडीबीआई बैंक समेत वित्तीय संस्थानों के प्रमुखों के साथ बैठक की अध्यक्षता करेंगी। इस बैठक में विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) जमा (एफसीएनआर-बी), विदेशी मुद्रा बांड और बाहरी वाणिज्यिक उधारी (ईसीबी) जुटाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

इसके अलावा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से अर्थव्यवस्था के उत्पादक क्षेत्रों में ऋण प्रवाह बढ़ाने का आग्रह भी कर सकती हैं। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब एफसीएनआर (बी) जमा में प्रवाह में तेज गिरावट आई है। वित्त वर्ष 2025-26 में इसका शुद्ध प्रवाह घटकर केवल 94.6 करोड़ डॉलर रह गया है, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 7.1 अरब डॉलर रहा था।

उल्लेखनीय है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने पिछले महीने प्रवासी भारतीयों (एनआरआई), भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों (ओसीआई) और भारतीय मूल के लोगों (पीआईओ) से विदेशी मुद्रा जमा आकर्षित करने के लिए तीन से पांच साल की अवधि वाली नई एफसीएनआर (बी) जमाओं पर ब्याज दर सीमा को 30 सितंबर तक के लिए हटा दिया

था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर