home page

फ्लिपकार्ट ने एक साल में डिलीवरी के लिए इलेक्ट्रिक वाहन बेड़ा दोगुना किया

 | 
फ्लिपकार्ट ने एक साल में डिलीवरी के लिए इलेक्ट्रिक वाहन बेड़ा दोगुना किया


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने त्योहारों में अंतिम छोर तक सामान पहुंचाने वाले इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का बेड़ा दोगुना कर 42 हजार कर दिया है। यह संख्या वर्ष 2025 में 20 हजार से अधिक थी।

फ्लिपकार्ट के अनुसार फ्लिपकार्ट मिनट्स की डिलीवरी में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन कुल बेड़े का करीब 77 फीसदी हैं, जबकि 20 फीसदी वाहन उसके बाकी डिलीवरी नेटवर्क में काम कर रहे हैं। कंपनी ने बताया कि बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, पुणे और गुरुग्राम में इलेक्ट्रिक वाहनों के बेड़े में सबसे अधिक वृद्धि हुई है। कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय संगठन ‘द क्लाइमेट ग्रुप’ की ईवी100 पहल के तहत 2030 तक अपने पूरे वाहन बेड़े को इलेक्ट्रिक बनाने की प्रतिबद्धता के तहत यह विस्तार किया है।

फ्लिपकार्ट समूह के चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स ऑफिसर रजनीश कुमार ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन उनके लिए कितने कारगर हैं, यह हमारे डिलीवरी पार्टनर्स खुद तय करते हैं। उनकी प्रतिक्रिया से स्पष्ट है कि वाहन चलाने की लागत, चार्जिंग सुविधाओं की उपलब्धता और वित्तीय सहयोग इस फैसले में सबसे अहमभूमिका निभाते हैं। कुमार ने कहा कि जिन डिलीवरी पार्टनर्स ने पहले इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल किया है, उनमें इसे अपनाने की इच्छा करीब 4 गुना अधिक है। इसलिए हमारा प्रयास है कि उनके लिए पहली बार इलेक्ट्रिक वाहन आजमाना आसान बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि इस त्योहारी सीजन में हमारे इलेक्ट्रिक वाहन बेड़े का दोगुना होना दिखाता है कि जब इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाना व्यावहारिक और सुविधाजनक होता है, तो डिलीवरी पार्टनर्स बदलाव के लिए तैयार रहते हैं। हम अपने विशमास्टर्स और साझेदारों के साथ मिलकर इस दिशा में लगातार काम करते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर