home page

भारत-ब्रिटेन एफटीए से निर्यातकों, एमएसएमई और पेशेवरों को 15 जुलाई से मिलेगा लाभ : गोयल

 | 
भारत-ब्रिटेन एफटीए से निर्यातकों, एमएसएमई और पेशेवरों को 15 जुलाई से मिलेगा लाभ : गोयल


नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लागू होने के बाद 15 जुलाई से भारत से ब्रिटेन को भेजे जाने वाले सभी निर्यात पर कोई आयात शुल्क नहीं लगेगा, जिससे किसानों, मछुआरों, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) और घरेलू उद्योगों को लाभ मिलेगा।

गोयल ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह व्यापार समझौता केवल वस्तुओं और सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि ब्रिटेन में काम कर रहे हजारों भारतीय पेशेवरों को भी लाभ पहुंचाएगा। उन्होंने कहा, ‘भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते के तहत 15 जुलाई से भारत से ब्रिटेन निर्यात की जाने वाली हर वस्तु पर शून्य आयात शुल्क लगेगा।’’

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री ने 12 जुलाई को इसके शुरू होने की घोषणा करते हुए बताया कि इस समझौते से निर्यातकों, किसानों, मछुआरों, एमएसएमई और पेशेवरों को फायदा होने की उम्मीद है, साथ ही इससे भारत और यूके के बीच व्यापारिक और आर्थिक संबंध भी मजबूत होंगे।

उन्होंने आगे कहा कि समझौते में ‘डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन’ (डीसीसी) का प्रावधान भी शामिल है। इसके तहत ब्रिटेन में पांच साल तक काम करने वाले भारतीय पेशेवरों को वहां की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था में योगदान नहीं देना होगा। गोयल ने कहा कि पहले भारतीय पेशेवरों के वेतन का करीब 25 फीसदी हिस्सा ब्रिटेन सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजना में चला जाता था। अब यह राशि भारत में उनके भविष्य निधि (पीएफ) खातों में जमा होगी, जिस पर 8.25 फीसदी सालाना ब्याज मिलेगा। यह राशि कर मुक्त होगी और सेवानिवृत्ति के लिए उनकी बचत को सुरक्षित करने में मदद करेगी।

गोयल ने कहा कि इस समझौते से भारतीय पेशेवरों के लिए नए मौके उभरेंगे और दोनों देशों के बीच व्यापारिक एवं आर्थिक संबंध मजबूत होंगे। वाणिज्य मंत्री ने इस समझौते का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि वह 14 और 15 जुलाई को ब्रसेल्स में होने वाली भारत-यूरोपीय संघ व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (टीटीसी) की बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान लंबित मुद्दों के समाधान और प्रौद्योगिकी सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।

इससे पहले केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने एक्स पोस्ट पर जारी एक बयान में कहा कि बोरीवली में बंट्स संघ के शशिकिरण शेट्टी एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस के भव्य उद्घाटन और दाता सम्मान समारोह में शामिल हुआ। गोयल ने कहा कि शिक्षा को आगे बढ़ाने और अच्छी शिक्षा के मौकों के जरिए जरूरतमंद छात्रों को सशक्त बनाने में बंट्स समाज के अमूल्य योगदान पर जोर दिया। शिक्षा के काम में उदार सहयोग के लिए शशि किरण शेट्टी जी का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही, प्रबंधन, फैकल्टी और छात्रों को शुभकामनाएँ दीं और भरोसा जताया कि यह संस्थान उत्तर मुंबई में शिक्षा को मज़बूत करने में सार्थक योगदान देगा।

उल्लेखनीय है कि भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) 15 जुलाई से लागू होगा, जिससे भारत से होने वाले सभी निर्यात को ब्रिटिश बाजार में बिना किसी शुल्क के पहुंच मिलेगी। यूके में काम कर रहे योग्य भारतीय पेशेवरों को सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी राहत मिलेगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर