ओणम पर केरल के 4,40,901 पेंशनभोगियों के खातों में अगस्त की पेंशन जमा
नई दिल्ली, 26 अगस्त (हि.स.)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने केरल के 4,40,901 पेंशनभोगियों के खातों में अगस्त माह की पेंशन 26 अगस्त को ही जमा कर दी। यह भुगतान ओणम के त्योहार से पहले किया गया है। ईपीएफओ ने सभी सदस्यों और पेंशनभोगियों को ओणम की शुभकामनाएं भी दी हैं।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अनुसार, आमतौर पर कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस), 1995 के तहत पेंशन महीने के अंत में दी जाती है। लेकिन ओणम को देखते हुए इस बार पेंशन पहले जारी करने का फैसला किया गया। इससे पेंशनभोगी और उनके परिवार त्योहार से पहले अपनी जरूरी जरूरतों को पूरा कर सकेंगे।
ईपीएफओ ने पेंशन की रकम केंद्रीकृत पेंशन भुगतान प्रणाली (सीपीपीएस) के जरिए सीधे पेंशनभोगियों के बैंक खातों में भेजी है। इस व्यवस्था से पेंशन का भुगतान जल्दी और आसानी से किया जा सकता है।
ईपीएफओ का कहना है कि वह पेंशन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं समय पर पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रहा है। इसके लिए तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है। साथ ही, पेंशनभोगियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवाओं में सुधार भी किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

