डीआरआई ने पटना में कोडीन आधारित कफ सिरप की 7500 बोतलें जब्त कीं, दो गिरफ्तार
नई दिल्ली, 28 मई (हि.स)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बिहार की राजधानी पटना के राजेंद्रनगर टर्मिनल रेलवे स्टेशन के पास ईस्कुफ (कोडीन-आधारित) कफ सिरप की 7,500 बोतलें जब्त कीं, जिन्हें अवैध तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।
वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि मादक पदार्थ रोधी अभियानों के तहत राजस्व आसूचना निदेशालय के अधिकारियों ने कोडीन आधारित कफ सिरप की एक बड़ी खेप के अवैध डायवर्जन के संबंध में प्राप्त एक विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर राजेंद्रनगर टर्मिनल रेलवे स्टेशन, पटना के परिसर के बाहर से एक टाटा इंट्रा पिकअप ट्रक को रोका और 26 मई को कोडीन फॉस्फेट और ट्रिपोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड सिरप (ईस्कुफ) की 7,500 बोतलें जब्त कीं।
मंत्रालय के मुताबिक मौके से दो व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिन्होंने उक्त कोडीन आधारित सिरप के चालान के साथ एक कंसाइनमेंट नोट प्रस्तुत किया। डीआरआई के अधिकारियों द्वारा तत्काल अनुवर्ती कार्रवाई/पूछताछ की गई, जिससे पता चला कि कंसाइनी का ड्रग लाइसेंस रद्द कर दिया गया था और वह फर्म अपने दिए गए पते पर मौजूद नहीं थी। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, बरामद कफ सिरप और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया तथा पकड़े गए दोनों व्यक्तियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक यह अभियान डीआरआई के अधिकारियों द्वारा नशीले पदार्थों और साइकोट्रोपिक पदार्थों की सीमा पार और देश के भीतर तस्करी को रोकने के चल रहे प्रयासों के तहत चलाया गया था। आपूर्ति श्रृंखला, वित्तीय संबंधों और फर्मों तथा व्यक्तियों की संलिप्तता की आगे की जांच जारी है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

