home page

कच्चे तेल की कीमत में गिरावट जारी, 90 डॉलर के स्तर से भी नीचे आया ब्रेंट क्रूड

 | 
कच्चे तेल की कीमत में गिरावट जारी, 90 डॉलर के स्तर से भी नीचे आया ब्रेंट क्रूड


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। इंटरनेशनल एनर्जी मार्केट में जियो पॉलिटिकल टेंशन कम होने की उम्मीदों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। सोमवार को कच्चे तेल के भाव तीन महीने के निचले स्तर पर फिसल गए थे। इसके बाद आज भी कच्चे तेल की कीमतों में नरमी का रुख बना हुआ है। इस बड़ी गिरावट की मुख्य वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस ताजा बयान को माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने संकेत दिया है कि ईरान पर अब और नए हमले की आवश्यकता नहीं होगी।

इस गिरावट के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमत अब 90 डॉलर प्रति बैरल के मनोवैज्ञानिक स्तर से भी नीचे पहुंच गई है। भारतीय समय के अनुसार दोपहर एक बजे के करीब ब्रेंट क्रूड पिछले बंद भाव 92.57 डॉलर के मुकाबले 3.39 डॉलर यानी 3.66 प्रतिशत गिर कर 89.18 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक चला गया था। हालांकि बाद में इसकी स्थिति में मामूली सुधार भी हुआ। फिलहाल, शाम 4:15 बजे ब्रेंट क्रूड 2.69 डॉलर यानी 2.91 प्रतिशत की गिरावट दर्ज करते हुए 89.88 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

इसी तरह अमेरिकी क्रूड यानी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) के भाव में भी भारी फिसलन देखी जा रही है। डब्ल्यूटीआई क्रूड आज अपने पिछले बंद भाव 86.85 डॉलर के मुकाबले 2.97 डॉलर यानी 3.42 प्रतिशत की गिरावट का शिकार होकर 83.88 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि बाद में इसकी चाल में थोड़ी तेजी आई, जिसके कारण शाम 4:15 बजे डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.95 डॉलर प्रति बैरल यानी 2.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 84.90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

कच्चे तेल के इस पूरे घटनाक्रम पर नजर डालें तो अक्टूबर के अंत में ब्रेंट क्रूड की कीमतें 6 महीने के ऊपरी स्तर पर पहुंची हुई थीं। लेकिन तब से लेकर अब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनमें लगातार गिरावट आ रही है। कीमतों में आई इस हालिया नरमी के पीछे अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनाव के नतीजों और उसके बाद ईरान के साथ अमेरिकी युद्ध को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रवैये में आए बदलाव को मुख्य वजह माना जा रहा है। ट्रंप के रवैये में परिवर्तन होने के ईरान संघर्ष के जल्द खत्म होने की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि चुनाव नतीजों ने ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान के लिए ट्रंप के विकल्पों को काफी सीमित कर दिया है। इससे तेल की कीमतों में शामिल जियो-पॉलिटिकल रिस्क का प्रीमियम अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। हालांकि, जानकारों का यह भी मानना है कि तेहरान के साथ कोई पक्का समझौता न होने की स्थिति में ब्रेंट क्रूड की कीमत 85 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर ही टिकी रह सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक